जनमत भास्कर छिन्दवाड़ा:- जिले की प्राकृतिक सुंदरता,आदिवासी संस्कृति और ग्रामीण पर्यटन अब देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी अपनी अलग पहचान बना रहे हैं।इसके पहले यहां पर फिल्म शूटिंग हो चुकी है जिसके बाद अब स्पेन की टीम यहां पहुंची है और डाक्यूमेंट्री फिल्म बनाई जा रही है जो 80 यूरोपीय देशों में प्रसारित हो गई।बीते दिन “रूरल टूरिज्म ऑफ द वर्ल्ड” नामक इंटरनेशनल टेलीविजन सीरीज़ की शूटिंग के लिए स्पेन की टीम छिंदवाड़ा पहुंची।टीम ने तीन दिन तक जिले के सावरवानी, धूसावानी,चिमटीपुर और तामिया क्षेत्र में प्रवास कर यहां की पर्यटन गतिविधियों, ग्रामीण जीवन,आदिवासी संस्कृति और पातालकोट क्षेत्र की विशिष्ट परंपराओं का फिल्मांकन किया।

जिले के पर्यटन ग्रामों में शूटिंग के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। स्पेन से आए जुआन मार्टिनेज फूटोस,एडुआर्डो निसा वाजक्वेज और लुइस पेसेरो जाम्ब्रानो ने टूरिज्म बोर्ड के प्रतिनिधियों एवं स्थानीय टीम के सहयोग से विभिन्न पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया। ग्रामीणों द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत और स्थानीय संस्कृति की जीवंत झलक से विदेशी टीम काफी प्रभावित नजर आई।छिंदवाड़ा के पर्यटन ग्रामों में लगातार बढ़ती विदेशी पर्यटकों की आवाजाही और अब अंतरराष्ट्रीय शूटिंग टीमों का आगमन इस बात का प्रमाण है कि जिला ग्रामीण पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से नई ऊंचाइयों को छू रहा है।आने वाले समय में यह पहल न केवल छिंदवाड़ा को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करेगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार,होम-स्टे, हस्तशिल्प और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी नया प्रोत्साहन देगी।

यहां पर टीम ने पातालकोट में संपन्न आदिवासी विवाह की पारंपरिक रस्मों,स्थानीय लोकजीवन,प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन ग्रामों की अनूठी जीवनशैली को कैमरे में कैद किया।यह डॉक्यूमेंट्री अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ग्रामीण एवं इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बनाई जा रही है।स्पेन की कलर्स कम्युनिकेशन ग्रुप द्वारा निर्मित इस प्रोजेक्ट का प्रसारण लगभग 80 यूरोपीय देशों में किया जाएगा,जिससे छिंदवाड़ा के पर्यटन स्थलों को विश्वभर में नई पहचान मिलेगी।उल्लेखनीय है कि जिले के पर्यटन ग्रामों में लगातार विदेशी सैलानियों का आगमन बढ़ रहा है और अब यहां अंतर्राष्ट्रीय स्तर की डॉक्यूमेंट्री शूटिंग होने से छिंदवाड़ा को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी।