मुख्यमंत्री ने दी भावना को बधाई
जनमत भास्कर भोपाल:-मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने प्रदेश की साहसी पर्वतारोही सुश्री भावना को “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” अभियान के 10 वर्ष पूर्ण होने के दिन 22 जनवरी को हासिल उपलब्धि के लिए बधाई दी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश की साहसी युवतियां अन्य राष्ट्रों की दुर्गम पर्वत शिखरों पर पहुंचकर देश और प्रदेश की प्रतिष्ठा बढ़ा रही हैं। ‘पर्वतारोही’ भावना डेहरिया मध्यप्रदेश की बेटी हैं उन्होंने दक्षिण अमेरिका के सर्वोच्च ऊंचाई के पर्वत स्थल माउंट एकॉनकागुआ (6,961 मीटर) पर सफलतापूर्वक चढ़ाई कर हम सभी को गौरवान्वित किया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बेटी भावना ने अपनी यह उपलब्धि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के 10 वर्ष को समर्पित कर इस अभियान को नव शक्ति प्रदान करने के साथ-साथ बेटियों को जीवन के हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया है।भावना की यह उपलब्धि देश की बेटियों के लिए प्रेरणा बनेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश की गौरव सुश्री भावना डेहरिया के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
सांसद विवेक बंटी साहू ने भावना के साहस को सराहा
जनमत भास्कर छिन्दवाड़ा:-सांसद बंटी विवेक साहू ने पर्वतारोही भावना डेहरिया को एक और उपलब्धि हासिल करने पर हार्दिक शुभकामनाएँ दी है। सांसद श्री साहू ने कहां कि मेरे संसदीय क्षेत्र की युवा पर्वतारोही एवं मेरी छोटी बहन भावना डेहरिया ने एक और उपलब्धि हासिल कर छिन्दवाड़ा का नाम रोशन किया है।भावना ने 22 जनवरी 2025 को दक्षिण अमेरिका की सबसे ऊंची चोटी माउंट एकॉनकागुआ (6,961 मीटर) पर सफलतापूर्वक चढ़ाई की। भावना ने यह उपलब्धि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के 10 वर्षों को समर्पित की है।मैं भावना की इस उपलब्धि पर उन्हें हार्दिक शुभकामनाएँ देता हूँ एवं ईश्वर से उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूँ।
उल्लेखनीय है कि भावना डेहरिया का जन्म 12 नवंबर 1991 को ग्राम तामिया में हुआ था। वे एक भारतीय पर्वतारोही हैं। वे 22 मई 2019 को माउंट एवरेस्ट की चोटी पर पहुंची थी। इसके बाद उन्होंने 15 अगस्त 2020 स्वतंत्रता दिवस को हिमालयन पर्वतारोहण संस्थान के साथ भारतीय हिमालय को बढ़ावा देने और लोकप्रिय बनाने के लिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स का खिताब अपने नाम किया।वह राष्ट्रीय स्तर के सामाजिक उद्यम जन परिषद की उपाध्यक्ष और ब्रांड एंबेसडर हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग ने भावना और उनकी बेटी सिद्धि मिश्रा को ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के लिए ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया है।