जनमत भास्कर,छिंदवाड़ा :- नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा के कार्यालय में गुरुवार को मेयर इन काउंसिल (एमआईसी) की महत्वपूर्ण बैठक महापौर विक्रम सिंह अहके की अध्यक्षता में आयोजित की गई।बैठक में जल संकट निवारण,बुनियादी सुविधाओं के विस्तार,शहरी सौंदर्यीकरण और नामकरण से जुड़े विभिन्न प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए,जिन पर विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिए गए।

वार्ड क्रमांक 24 सारसवाड़ा /मालनवाड़ा में ट्रांसपोर्ट नगर के अधोसंरचना विकास कार्य के संबंध में चर्चा हुई,जिसमें यातायात एवं यात्रा सुविधाओं के विस्तार के उद्देश्य से आवंटित भूमि का विस्तृत सर्वे कराने तथा अधोसंरचना निर्माण की तकनीकी,वित्तीय व प्रशासकीय स्वीकृति हेतु संचालनालय से तकनीकी स्वीकृति प्राप्त कर निविदा आमंत्रित करने एवं अन्य कार्यों के लिए नगर निगम आयुक्त को अधिकृत किया गया।पेयजल व्यवस्था और जल संरक्षण को लेकर बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए।जल शुद्धिकरण संयंत्रों के जल स्रोतों में उपलब्ध कच्चे जल की स्थिति को देखते हुए नगर की जल प्रदाय व्यवस्था में आवश्यक परिवर्तन करने तथा जल संरक्षण हेतु प्रतिबंधात्मक उपाय लागू करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।इसके अतिरिक्त,संभावित पेयजल संकट एवं आपातकालीन आवश्यकताओं के मद्देनजर निगम क्षेत्र में 75 नग नलकूप खनन कार्य की स्वीकृति प्रदान की गई। वहीं,पेंच व्यपवर्तन योजना के माचागोरा जलाशय से कुलबहरा फिल्टर प्लांट तक नवीन पाइपलाइन विस्तार हेतु 58.79 करोड़ की वित्तीय एवं प्रशासकीय स्वीकृति तथा यह राशि किसी बैंक अथवा अन्य वित्तीय संस्थान से ऋण के रूप में लिए जाने के प्रस्ताव को भी सर्वसम्मति से स्वीकृति दी गई।

आवास योजना,आगामी चुनाव और व्यावसायिक विकास के संदर्भ में भी महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के बीएलसी घटक के अंतर्गत ऑनलाइन प्राप्त 64 आवेदन पत्रों की जांच उपरांत अनुमोदन हेतु प्रस्तुत सूची तथा पूर्व के 118 प्रकरणों की सूची की पुष्टि का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा के आगामी आम निर्वाचन वर्ष 2027 के दृष्टिगत सीमा वृद्धि,वार्डों की संख्या, परिसीमन एवं आरक्षण से संबंधित प्रस्ताव पर आगामी बैठक में विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।साथ ही,पुराने पालिका बाजार का पुनर्विकास कर आधुनिक व्यावसायिक परिसर विकसित करने हेतु सैद्धांतिक स्वीकृति का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया।

बैठक में शहर के विभिन्न स्थलों और मार्गों के नामकरण व सांस्कृतिक धरोहर संरक्षण से जुड़े अतिरिक्त प्रस्तावों को भी सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। इसके तहत पुराना कुंडीपुरा नाके के सामने वाले चौक का नाम ‘रानी अवंतीबाई लोधी चौक’,फब्बारा चौक पर वैदिक घड़ी लगाए जाने, पोआमा चौक का नामकरण ‘महाराज दक्ष चौक’ किए जाने,टाउन हॉल का नाम ‘राजा जाटव शाह टाउन हॉल’ रखने,कलेक्टर बंगले से गौरैया सब्जी मंडी तक के मार्ग का नाम ‘महाराजा मार्ग’ तथा मानसरोवर कॉम्प्लेक्स से रानी दुर्गावती चौक तक के मार्ग का नाम ‘राजा उदयभान शाह मार्ग’ किए जाने के प्रस्ताव पारित किए गए।इसके अलावा, आदिवासी विरासत को संरक्षित रखने के उद्देश्य से हर्रई राजमहल की प्रतिमूर्ति स्थापित करने तथा वीआईपी रोड पर गौरवशाली इतिहास का शिलालेख लगाने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पास किया गया।ट्रांसपोर्ट नगर परियोजना को किसी अन्य एजेंसी को न सौंपने के संबंध में भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया।बैठक में यह उल्लेख किया गया कि ट्रांसपोर्ट नगर के विस्तृत सर्वेक्षण एवं समतलीकरण कार्य की डीपीआर तैयार करने वाली कंसल्टेंसी को निगम द्वारा राशि व्यय की जा चुकी है और परियोजना की तकनीकी स्वीकृति व निविदा आमंत्रण की अनुमति भी एमआईसी द्वारा प्रदान की गई है।नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग मध्य प्रदेश शासन के आयुक्त के भ्रमण के दौरान प्रोजेक्ट को एमपीयूडीसी को सौंपने के निर्देश दिए गए थे,बैठक में यह निर्णय लिया गया कि ट्रांसपोर्ट नगर परियोजना का कार्य एमपीयूडीसी को न देकर नगर पालिक निगम द्वारा ही कराया जाएगा। इस बैठक में नगर पालिका निगम के सभापति सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।