पुलिस कंट्रोल रूम में एसपी अजय पांडे ने वितरित किये मोबाइल…चोरी व गुम हुए मोबाइल पाकर खिले उठे लोगों के चेहरे..साइबर सेल की तत्परता से मिली नागरिकों को राहत

जनमत, भास्कर,छिंदवाड़ा :- दीपावली पर्व के शुभ अवसर पर छिंदवाड़ा पुलिस ने 151 लोगों को ऐसा तोहफा दिया,जिससे उनके चेहरों पर खुशी लौट आई।लंबे समय से गुम हुए 26 लाख 58 हजार रुपये कीमत के 151 मोबाइल फोन पुलिस ने बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए।मोबाइल वापस मिलने पर नागरिकों के चेहरे खुशी से खिल उठे।


पुलिस अधीक्षक अजय पांडे के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के मार्गदर्शन में जिला साइबर सेल की टीम ने गुम मोबाइल फोन की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए यह उल्लेखनीय सफलता हासिल की।जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मोबाइल गुम होने की शिकायतें प्राप्त हुई थीं। साइबर सेल ने तकनीकी विश्लेषण और लगातार प्रयासों के जरिए अलग-अलग स्थानों से 151 मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए।


गुरुवार को पुलिस कंट्रोल रूम छिंदवाड़ा में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बरामद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए। मोबाइल वापस पाकर लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की।
गुम मोबाइल की बरामदगी के मामले में छिंदवाड़ा पुलिस का यह अभियान लगातार जारी है। इससे पहले भी पुलिस इस वर्ष लगभग 1 करोड़ 47 लाख 17 हजार रुपये कीमत के 752 मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को सौंप चुकी है।इस बार दिवाली के अवसर पर 151 और मोबाइल लौटाकर पुलिस ने नागरिकों को बड़ी राहत दी है।
बरामद मोबाइल पाने वालों में शासकीय सेवक,शिक्षक, निजी कर्मचारी,बैंककर्मी, डॉक्टर,नर्स,इंजीनियर, व्यापारी,दुकानदार,छात्र, ऑटो-ट्रैक्टर चालक, श्रमिक,गृहिणी और किसान सहित विभिन्न वर्गों के लोग शामिल हैं।


इस कार्रवाई में साइबर सेल टीम के निरीक्षक कंचन राजपूत,प्रधान आरक्षक नितिन सिंह,आरक्षक आदित्य रघुवंशी,अभिषेक ठाकुर,राहुल डुडेरे,अंकित शर्मा,मोहित चंद्रवंशी एवं हर्ष बघेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।पुलिस अधीक्षक ने टीम के सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा भी की है।