जनमत भास्कर छिंदवाड़ा:-नगर निगम छिंदवाड़ा के सम्पत्ति कर वसूली काउंटर पर वित्तीय अनियमितता का गंभीर मामला प्रकाश में आया है। निगम के मुख्य काउंटर पर पदस्थ रोजगार सहायक श्रीमती प्रीति सूर्यवंशी द्वारा ई-नगर पालिका पोर्टल पर विभिन्न कर्मचारियों की आईडी का उपयोग कर लगभग 5,34,799 रुपये की राशि नागरिकों से वसूल कर रसीदें जारी की गईं,किन्तु उक्त राशि तत्काल निगम कोष में जमा नहीं की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में आने पर संबंधित राशि बाद में सीधा निगम के बैंक खाते में जमा कराई गई,जिससे अनियमितता की पुष्टि हुई। मामले की जांच नगर निगम के राजस्व अधिकारी महेश प्रसाद साहू द्वारा की गई,जिसमें श्रीमती सूर्यवंशी प्रथम दृष्टया दोषी पाई गईं।
जांच प्रतिवेदन के आधार पर निगम निगम आयुक्त चंद्रप्रकाश राय ने राजस्व अधिकारी श्री साहू को थाना कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराने हेतु निर्देशित किया है। निगमायुक्त के आदेश कर प्रीति सूर्यवंशी के विरुद्ध शासकीय धनापहरण एवं कर्मचारियों की आईडी के दुरुपयोग के प्रकरण में एफ.आई.आर. दर्ज कराए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
करदाताओं की राशि सुरक्षित, शत प्रतिशत दर्ज है पोर्टल पर रिकॉर्ड
नगर निगम आयुक्त चंद्रप्रकाश राय ने बताया कि करदाताओं द्वारा संपत्ति कर हेतु भुगतान की गई राशि निकाय के कोष में प्राप्त की गई है।इसके साथ ही सभी रसीदों की पोस्टिंग ई नगर पालिका पोर्टल पर उपलब्ध है।आयुक्त ने बताया कि करदाता ऑनलाइन सीधे ई नगर पालिका पोर्टल के माध्यम से भी संपत्ति कर का भुगतान कर सकते हैं।इसके साथ ही उन्होंने सभी लेन देन की रसीद काउंटर से प्राप्त करने की अपील भी करदाताओं से की।शासन की योजना अनुसार 30 सितंबर तक सम्पत्ति कर में 6.25% की छूट प्रदान की जा रही है।




