जनमत भास्कर,छिन्दवाड़ा:-जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति से संबंधित समस्याओं को ध्यान में रखते हुए नागरिकों की शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी हरेंद्र नारायन के आदेशानुसार जिला आपूर्ति शाखा, छिंदवाड़ा में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।इस कंट्रोल रूम का टोल फ्री नंबर 07162-243409 निर्धारित किया गया है,जिस पर नागरिक एलपीजी गैस से संबंधित अपनी समस्याएं दर्ज करा सकेंगे।
जारी आदेश के अनुसार कंट्रोल रूम में कर्मचारियों की ड्यूटी दो पालियों में लगाई गई है,जिससे निर्धारित समय में प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।सायंकाल प्राप्त शिकायतों की मॉनिटरिंग एवं जानकारी प्रस्तुत करने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है,ताकि शिकायतों पर नियमित निगरानी रखी जा सके।
आदेश में यह भी निर्देश दिए गए हैं कि कार्यालय में नियमानुसार पंजी संधारित किया जाए,जिसमें प्राप्त प्रत्येक शिकायत का विवरण, कारण तथा उसके निराकरण की स्थिति अंकित की जाएगी और प्रतिदिन नोडल अधिकारी को प्रस्तुत की जाएगी।एलपीजी गैस से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या होने पर नागरिक कंट्रोल रूम के टोल फ्री नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।




