जनमत भास्कर,छिन्दवाड़ा :- चौरई थाना अंतर्गत आने वाले ग्राम मेंहगोरा से मंगलवार को कलेक्टर की जनसुनवाई में अपनी गुहार लेकर एक लाचार पिता और भाई कलेक्ट्रेट पहुंचे और यहां इन्होंने मजबूर होकर अर्धनग्न प्रदर्शन करते हुए अपनी पीड़ा और आपबीती जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर हरेन्द्र नारायण को बताई जिसके बाद कलेक्टर द्वारा उन्हें उचित कार्यवाही का आश्वासन देते हुए मामले की निष्पक्ष और उचित जांच हेतु आवेदन पुलिस अधीक्षक को भेजा गया।

दरअसल चौरई के ग्राम मेंहगोरा के रहने वाले केवल चंद्रवंशी की पुत्री अनीता चंद्रवंशी विगत 16 जनवरी से लापता है जिसकी शिकायत उन्होंने चौरई थाने में उपस्थित होकर की थी लेकिन शिकायत को लगभग 4 महीने होते आये हैं लेकिन अभी तक पुलिस लापता युवती को नही खोज पाई है और जब जब आवेदक द्वारा थाने में जाकर अपनी लापता बेटी के बारे में टीआई और मामले के जांच अधिकारी से पूछा जाता है तो उल्टा टीआई और मामले के जांच अधिकारी द्वारा पिता और भाई के साथ ही बदसलूकी कर उन्हें थाने से भगा दिया जाता है।

कलेक्टर की जनसुनवाई में पिता केवल चंद्रवंशी के साथ पहुंचे लापता युवती के भाई संतोष चंद्रवंशी ने मीडिया से चर्चा के दौरान बताया कि हमारे घर की बच्ची लगभग 4 महीने से लापता है,हमें ये भी नही पता कि वो जिंदा है या मर गई…शिकायत करने के बाद हम जब भी चौरई थाना अपनी लापता बच्ची की जानकारी लेने जाते हैं तो टीआई और जांच अधिकारी द्वारा उल्टा हमें ही डराया व धमकाया जाता है इसीलिए आज हम कलेक्टर की जनसुनवाई में आये है और हमने अर्धनग्न होकर विरोध प्रदर्शन करते हुए जिला कलेक्टर को ये बताने का प्रयास किया है कि प्रशासन किस कदर हमसे बदसलूकी और अभद्र व्यवहार कर रहा है,जनसुनवाई के दौरान हमने कलेक्टर से जल्द से जल्द हमारी लापता बच्ची को ढूंढने की गुहार लगाई है।

अब देखना है कि कलेक्टर की जनसुनवाई में आने के बाद लाचार पिता और भाई की गुहार का पुलिस और प्रशासन में क्या असर पड़ता है और आवेदक द्वारा चौरई टीआई और जांच अधिकारी पर लगाए गए आरोपों पर एसपी आखिर क्या एक्शन लेते हैं ?