जनमत भास्कर छिंदवाड़ा:-नगर निगम छिंदवाड़ा के गठन के समय निकाय क्षेत्र में 24 ग्रामों को शामिल किया गया था।इन ग्रामों को नगर निगम क्षेत्र में सम्मिलित किए जाने के बाद से ही सड़क,पानी,सीवेज, बिजली तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास की आवश्यकता लगातार महसूस की जा रही है।नगर निगम महापौर विक्रम अहके इन क्षेत्रों के समग्र विकास को लेकर निरंतर प्रयासरत हैं।
इसी कड़ी में महापौर विक्रम अहके ने हाल ही में नई दिल्ली में केंद्रीय शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर से भेंट की।

इस दौरान उन्होंने छिंदवाड़ा नगर निगम क्षेत्र के लिए विशेष पैकेज की मांग रखी।महापौर ने बताया कि निगम क्षेत्र में शामिल ग्रामीण अंचलों में अभी भी कई मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं,जिनके लिए केंद्र सरकार से सहयोग अपेक्षित है।

महापौर ने केंद्रीय मंत्री को विस्तार से बताया कि इन 24 ग्रामों को नगर निगम में शामिल किए जाने के बाद से नगर निगम पर विकास का अतिरिक्त वित्तीय बोझ बढ़ा है। स्थानीय निकाय के संसाधन सीमित हैं,जबकि नागरिकों की आवश्यकताएं तेजी से बढ़ रही हैं।विशेषकर पेयजल आपूर्ति, सड़कों का निर्माण,नालियों व सीवेज सिस्टम का सुदृढ़ीकरण तथा स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी बुनियादी ढांचे की मांग लगातार सामने आ रही है।
महापौर ने कहा कि छिंदवाड़ा एक तेजी से बढ़ता हुआ शहर है और इसे स्मार्ट सिटी की तर्ज पर विकसित करने के लिए केंद्र सरकार का विशेष सहयोग आवश्यक है,उन्होंने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि नगर निगम के लिए एक विशेष पैकेज स्वीकृत किया जाए ताकि बुनियादी ढांचे का विकास तेजी से किया जा सके और आम नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
इस दौरान महापौर ने यह भी उल्लेख किया कि राज्य सरकार के सहयोग के साथ ही केंद्र सरकार भी छिंदवाड़ा के लिए अतिरिक्त विशेष वित्तीय सहायता प्रदान करती है, तो आने वाले वर्षों में यह शहर प्रदेश के विकसित नगरों की श्रेणी में शामिल हो सकता है।
मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने महापौर की बातों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक सहयोग का आश्वासन दिया।