जनमत भास्कर,छिंदवाड़ा :- छिंदवाड़ा जिले का पर्यटन ग्राम सावरवानी अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना रहा है। मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड की ग्रामीण होम स्टे परियोजना के अंतर्गत विकसित सावरवानी के आकर्षक होर्डिंग्स देश की राजधानी दिल्ली एयरपोर्ट और दिल्ली-नोएडा एक्सप्रेसवे पर प्रदर्शित किए जा रहे हैं। इन होर्डिंग्स के माध्यम से प्रतिदिन हजारों देशी-विदेशी यात्रियों तक छिंदवाड़ा की प्राकृतिक सुंदरता,ग्रामीण संस्कृति और होम स्टे की विशेषताओं का संदेश पहुंच रहा है।इससे जिले के ग्रामीण पर्यटन को नई पहचान मिलने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के अवसर भी लगातार बढ़ रहे हैं।
कलेक्टर हरेंद्र नारायन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अग्रिम कुमार के मार्गदर्शन में पर्यटन ग्राम सावरवानी को एक आदर्श मॉडल के रूप में विकसित किया गया है। वर्तमान में यहां 08 ग्रामीण होम स्टे सफलतापूर्वक संचालित हैं।सावरवानी अपनी उत्कृष्ट पर्यटन व्यवस्थाओं के कारण दो बार राष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ पर्यटन ग्राम का सम्मान प्राप्त कर चुका है।
सावरवानी में आने वाले पर्यटक केवल ठहरते ही नहीं,बल्कि ग्रामीण जीवन को करीब से जीने का अनूठा अनुभव भी प्राप्त करते हैं।बैलगाड़ी की सैर, ट्रेकिंग,प्राकृतिक भ्रमण, स्थानीय संस्कृति से परिचय तथा पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद पर्यटकों को अविस्मरणीय अनुभव प्रदान करता है।यही कारण है कि देश-विदेश के हजारों पर्यटक यहां आकर ग्रामीण पर्यटन का आनंद ले चुके हैं।
उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड ने छिंदवाड़ा जिले के 12 गांवों को पर्यटन ग्राम के रूप में विकसित करने के लिए चयनित किया है। विलेज वे,सतपुड़ा सेल्फ, इंडियन ग्रामीण सर्विसेज, परार्थ समिति एवं बैक टू विलेज जैसी संस्थाओं के सहयोग से इन गांवों में 100 से अधिक ग्रामीण होम स्टे विकसित किए जा रहे हैं, जिनमें से 57 होम स्टे वर्तमान में सफलतापूर्वक संचालित हैं।
सावरवानी के साथ-साथ चोपना,घटलिंगा,धूसावानी, धगड़िया,बीजाढाना, चिमटीपुर,काजरा,गुमतरा और देवगढ़ सहित अन्य पर्यटन ग्रामों के होम स्टे भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे हैं। दिल्ली जैसे प्रमुख स्थानों पर हो रहे व्यापक प्रचार-प्रसार से अब छिंदवाड़ा देश के प्रमुख ग्रामीण पर्यटन गंतव्यों में तेजी से अपनी मजबूत पहचान स्थापित कर रहा है।




