जनमत भास्कर,नेशनल डेस्क:-तीन आंतकवादियों को मारने वाले छिंदवाड़ा की माटी के लाल आशुतोष वरदेय को वीरता पदक मिलने पर सांसद बंटी विवेक साहू ने भी गुवाहाटी में उनका सम्मान किया।इस दौरान सांसद ने केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल में उप कमांडेट के पद पर पदस्थ आशुतोष वरदेय की वीरता और साहस की सराहना करते हुए कहा कि आशुतोष को वीरता पदक मिलना छिंदवाड़ा के लिए गर्व और गौरव की बात है।

इस दौरान सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि आशुतोष वरदेय जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा स्त्रोत है,उनकी इस वीरता और साहस से जिले के युवा प्रेरणा लेकर देश की सेवा करने के लिए आगे आएगें,उन्होंने आशुतोष वरदेय के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें और उनके परिवार को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई भी दी।

उल्लेखनीय है कि उप कमांडेट आशुतोष वरदेय वर्तमान में छत्तीसगढ़ के सुकमा में पदस्थ है।तीस अगस्त 2022 को शोपियाँ में हुए एक साहसिक अभियान के दौरान उन्होंने अपने प्राणों की परवाह किए बिना आंतकवादियों से भिड़ते हुए तीन आंतकवादियों को मार गिराया था। जिसके लिए उन्हें 2024 में वीरता पदक से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई थी।

दरअसल आशुतोष वरदेय ने यह गौरव जम्मू कश्मीर में आंतकवाद विरोधी अभियानें के दौरान अद्वितीय साहस,कुशल रणनीति एवं नेतृत्व क्षमता का परिचय देते हुए अर्जित किया था। शनिवार को गुवाहाटी में सीआरपीएफ डे परेड के दौरान आयोजित हुए एक कार्यक्रम में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उप कमांडेट आशुतोष वरदेय को वीरता पदक से सम्मानित किया।

विदित है कि वीरता पदक सशस्त्र बलों और असाधारण साहस,वीरता एवं निःस्वार्थ सेवा के लिए दिए जाने वाला सर्वोच्च सम्मान का प्रतीक है। जिसकी शुरूआत 26 जनवरी 1950 को की गई थी।