जनमत भास्कर,छिंदवाड़ा:- भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार फोटो निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के अंतिम प्रकाशन के संबंध में शनिवार को कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों की बैठक आयोजित की गई।इसके साथ ही पत्रकार वार्ता का आयोजन कर मीडिया प्रतिनिधियों को भी पुनरीक्षण कार्यक्रम तथा जिले में की गई एसआईआर के दौरान कार्यवाहियों की विस्तृत जानकारी साझा की गई।
बैठक में अपर कलेक्टर धीरेंद्र सिंह,संयुक्त कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती ज्योति ठाकुर,नेशनल लेवल मास्टर ट्रेनर प्रो. डॉ. पी. एन.सनेसर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री नारायन द्वारा बताया गया कि फोटो निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 का अंतिम प्रकाशन 21 फरवरी 2026 को नियमानुसार कर दिया गया है।

बैठक में जिले की सामान्य जानकारी साझा करते हुए बताया गया कि जिले में कुल 5 विधानसभा क्षेत्र हैं।अंतिम प्रकाशित नामावली के अनुसार जिले की कुल मतदाता संख्या 11,82,490 है,जिसमें 5,95,040 पुरुष, 5,87,435 महिला तथा 15 अन्य मतदाता शामिल हैं। जिले का जेंडर रेशो 987 तथा ई.पी. रेशो 67.21 प्रतिशत है।एसआईआर के दौरान ही मतदान केन्द्रो के युक्तियुक्तकरण के बाद 132 नवीन मतदान केंद्र जोड़े गए हैं,जिससे जिले में कुल मतदान केंद्रों की संख्या बढ़कर 1,594 हो गई है।
विशेष गहन पुनरीक्षण के प्रारंभ में जिले में कुल 12,26,602 मतदाता दर्ज थे। पुनरीक्षण के दौरान 59,368 एएसडी (एब्सेंट,शिफ्टेड,डेड) मतदाता तथा 7,860 नो-मैपिंग प्रकरण चिन्हित किए गए।आवश्यक विलोपन की कार्रवाई के बाद कुल मतदाता संख्या 11,67,234 रही,जिसके पश्चात दावा-आपत्ति प्रक्रिया पूर्ण कर अंतिम नामावली प्रकाशित की गई।
दावा-आपत्ति की अवधि 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक निर्धारित थी।इस अवधि में फॉर्म-6 के अंतर्गत नाम जोड़ने हेतु 12,967 आवेदन प्राप्त हुए,जिनमें से 128 आवेदन अस्वीकृत किये गए तथा 12,839 आवेदन स्वीकृत किए गए।इसी प्रकार फॉर्म-7 के अंतर्गत नाम विलोपन हेतु 2,262 आवेदन प्राप्त हुए,जिनमें से 74 आवेदन अस्वीकृत तथा 2,188 आवेदन स्वीकृत किए गए।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अंतिम प्रकाशित निर्वाचक नामावली की जानकारी प्रदान की गई तथा उनसे अपने स्तर पर मतदाताओं को जागरूक करने का आग्रह किया गया। पत्रकार वार्ता के माध्यम से मीडिया से भी अपील की गई कि वे इस महत्वपूर्ण जानकारी को व्यापक रूप से प्रसारित कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सुदृढ़ बनाने में सहयोग प्रदान करें।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री नारायन ने बताया कि बीएलओ, निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारियों द्वारा निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता और गंभीरता के साथ कार्य किया गया। पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त नहीं हुई,जो पूरी टीम की निष्पक्ष और सुव्यवस्थित कार्यप्रणाली का प्रमाण है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इस सफल कार्य के लिए बधाई दी।बैठक में उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी पुनरीक्षण कार्य को संतोषजनक एवं पारदर्शी बताते हुए प्रशासनिक टीम की सराहना की तथा इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी।




