जनमत भास्कर,छिंदवाड़ा:-जनगणना 2027 के सफल संचालन एवं पर्यवेक्षण के लिए जिला जनगणना समन्वय समिति की बैठक सोमवार को कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी हरेन्द्र नारायन की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित हुई।जनगणना 2027 के संबंध में आयोजित इस पहली बैठक में सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार, अपर कलेक्टर धीरेन्द्र सिंह, एसडीएम छिंदवाड़ा सुधीर जैन,भारत सरकार द्वारा जिले के लिये नियुक्त जनगणना जिला प्रभारी अनुज सोलंकी, संयोजक एवं जिला जनगणना अधिकारी डिप्टी कलेक्टर पुष्पेंद्र निगम, अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी एवं जिला सांख्यिकी अधिकारी यशवंत वैद्य,जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी,जिला शिक्षा अधिकारी,परियोजना अधिकारी जिला शहरी विकास अभिकरण एवं जिला जनसंपर्क अधिकारी सहित जिला जनगणना समन्वयक समिति के सभी सदस्य उपस्थित थे।

बैठक में जनगणना जिला प्रभारी श्री सोलंकी ने बताया कि जनगणना 2027 का कार्य 02 चरणों में किया जाएगा।प्रथम चरण में मकान का सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य किया जाएगा….द्वितीय चरण में फरवरी 2027 में जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा।इस बार जनगणना का कार्य डिजिटल रूप से मोबाइल एप के माध्यम से आंकड़ों का संकलन कर किया जाएगा,जो भारत की पहली डिजिटल जनगणना होगी।निवासियों को अपना जनगणना डेटा स्वयं ऑनलाइन भरने की सुविधा प्रदान करने के लिए भी एक स्व गणना वेब पोर्टल विकसित किया जा रहा है।

जनगणना 2027 के लिए जिला कलेक्टर को प्रमुख जनगणना अधिकारी,डिप्टी कलेक्टर को जिला जनगणना अधिकारी,सभी एसडीएम को अनुविभागीय जनगणना अधिकारी,तहसीलदारों और मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को क्रमशःचार्ज जनगणना अधिकारी ग्रामीण एवं नगरीय और नायब तहसीलदारों को अतिरिक्त चार्ज जनगणना अधिकारी बनाया गया है,उन्होंने सभी की भूमिका और दायित्वों के बारे में जानकारी दी।इस संबंध में आगामी दिवसों में विस्तृत प्रशिक्षण का आयोजन भी किया जाएगा।




