22 से 26 नवंबर तक नेपाल में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय शूटबॉल कप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे छिंदवाड़ा के प्रतिभाशाली खिलाड़ी

जनमत भास्कर,छिंदवाड़ा :- भारतीय शूटबॉल टीम में चयनित छिंदवाड़ा के प्रतिभाशाली खिलाड़ी अमन धुर्वे एवं पलक वाडिवा का भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।इस अवसर पर जिला महामंत्री कमलेश उइके,कार्यालय मंत्री भारत घई,राकेश पहाड़े,कृपाशंकर सूर्यवंशी, अलकेश साव,शिव पटेल एवं लवकेश यादव सहित उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल खेल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

उल्लेखनीय है कि अमन धुर्वे एवं पलक वाडिवा का चयन भारतीय शूटबॉल टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी 22 से 26 नवंबर तक नेपाल में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय शूटबॉल कप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।प्रतियोगिता में भारत सहित नेपाल,श्रीलंका, बांग्लादेश एवं भूटान की टीमें हिस्सा लेंगी।

इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने कहा कि छिंदवाड़ा के खिलाड़ियों का भारतीय टीम में चयन जिले के लिए गौरव की बात है।उनकी उपलब्धि से जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और देश के लिए बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।