जनमत भास्कर,छिन्दवाड़ा :- सेना शिक्षा कोर (एईसी) में कार्यरत मेजर पंकज गौतम ने भारतीय सेना में पदोन्नति पाकर लेफ्टिनेंट कर्नल का पद हासिल किया है,उनकी इस उपलब्धि से परिजनों, रिश्तेदारों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। लेफ्टिनेंट कर्नल पंकज गौतम वर्तमान में राजौरी में तैनात हैं।
लेफ्टिनेंट कर्नल पंकज गौतम ने राजौरी के अग्रिम क्षेत्र में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी सक्रिय भूमिका निभाई थी,जिसके लिए क्षेत्रवासियों में उनके प्रति विशेष सम्मान का भाव है।


उल्लेखनीय है कि लेफ्टिनेंट कर्नल पंकज गौतम ने अरबी भाषा में भी दक्षता हासिल की है और भारत-यूएई संयुक्त सैन्य अभ्यास में अबू धाबी में भारतीय सेना का प्रतिनिधित्व करते हुए भाग लिया।इसके अतिरिक्त उन्होंने भारत-मिस्र संयुक्त सैन्य अभ्यास तथा भारत-सूडान संयुक्त सैन्य अभ्यास में भी भारतीय सेना की ओर से सहभागिता की। उनकी इस भाषाई योग्यता और अंतरराष्ट्रीय सैन्य सहयोग में योगदान को भारतीय सेना द्वारा विशेष रूप से सराहा जा रहा है।


लेफ्टिनेंट कर्नल पंकज गौतम प्रथम विहार, छिंदवाड़ा के निवासी हैं तथा सेवानिवृत्त प्राचार्य बी.पी. गौतम के सुपुत्र हैं।उनकी माता श्रीमती राजेश्वरी गौतम एक गृहिणी हैं। पिता के अनुशासित शैक्षणिक संस्कारों और माता के स्नेहपूर्ण मार्गदर्शन में पले-बढ़े पंकज की इस उपलब्धि से परिवार के सभी सदस्यों में हर्ष का माहौल है।


परिजनों ने बताया कि पंकज बचपन से ही मेहनती और अनुशासित रहे हैं। माता-पिता समेत सगे-संबंधियों के आशीर्वाद से यह मुकाम हासिल हुआ है।परिवारजनों एवं क्षेत्रवासियों ने उनकी पदोन्नति पर हर्ष व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।