जनमत भास्कर,छिंदवाड़ा :- ईमानदारी और मानवता का एक प्रेरणादायक उदाहरण उस समय देखने को मिला जब कोल्हिया ग्राम के मुख्य मार्ग पर एक महिला का पर्स गिर गया,जिसमें एक मोबाईल फोन और 50 हजार रुपये नगद रखे हुए थे।बस चालक की सजगता और ईमानदारी से महिला को उसकी खोई हुई राशि और सामान वापस मिल गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार,रंजिता सललाम एवं सिनोद धुर्वे छिंदवाड़ा से अपने ग्राम झिरपानी जा रहे थे।इसी दौरान कोल्हिया ग्राम के मुख्य मार्ग पर उनके पर्स की तनी टूट जाने से पर्स सड़क पर गिर गया।पर्स गिरने की जानकारी उन्हें नहीं हो सकी।उसी समय भोकई से छिंदवाड़ा की ओर बच्चों को लेकर जा रही एडिफाई स्कूल छिंदवाड़ा की बस वहां से गुजर रही थी।बस चालक शिव कुमार धुर्वे,जो स्कूल संचालक डॉ. सुमित साहू की बस चलाते हैं,की नजर सड़क पर पड़े पर्स पर पड़ी,उन्होंने तुरंत पर्स को सुरक्षित अपने पास रख लिया और उसके वास्तविक मालिक तक पहुंचाने का प्रयास शुरू किया।

इसके बाद उन्होंने ग्राम सिंगोड़ी निवासी लक्ष्मी साहू से संपर्क कर पूरी जानकारी दी।लक्ष्मी साहू एवं जीतू जैन की उपस्थिति में पर्स में रखे मोबाइल फोन की सहायता से उसके मालिक का पता लगाया गया और महिला को बुलाकर उनका पर्स सौंप दिया गया।पर्स में रखा मोबाइल फोन एवं 50 हजार रुपये की नकद राशि सही-सलामत वापस मिलने पर महिला एवं उनके परिजनों ने बस चालक शिव कुमार धुर्वे का आभार व्यक्त किया।क्षेत्रवासियों ने भी बस चालक की ईमानदारी की सराहना करते हुए कहा कि आज के दौर में इस प्रकार की निस्वार्थ और ईमानदार सोच समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है।यह घटना साबित करती है कि मानवता और ईमानदारी आज भी जीवित है।