जनमत भास्कर,छिन्दवाड़ा:-नगर निगम की मेयर-इन-काउंसिल (एमआईसी) की बैठक मंगलवार को महापौर विक्रम सिंह अहके की अध्यक्षता में आयोजित की गई।लगभग दो घंटे तक चली इस बैठक में बजट सहित कुल 15 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की गई,जिन्हें सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान की गई।बैठक में एमआईसी सदस्यों के साथ निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

बैठक में सबसे पहले वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट प्रस्ताव पर चर्चा की गई। प्रस्तुत जानकारी के अनुसार नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा का बजट नगर पालिक निगम अधिनियम 1956 की धारा 97 के अंतर्गत आय एवं व्यय के अनुमान के आधार पर तैयार किया गया है।

बजट में कुल राजस्व एवं पूंजीगत आय 305 करोड़ 95 लाख 3 हजार 500 रुपये तथा कुल राजस्व एवं पूंजीगत व्यय 305 करोड़ 94 लाख 88 हजार 500 रुपये निर्धारित किया गया है। इस प्रकार बजट में 15 हजार रुपये का लाभ दर्शाया गया है।

विस्तार से देखें तो राजस्व आय 154 करोड़ 59 लाख 56 हजार 500 रुपये तथा पूंजीगत आय 151 करोड़ 35 लाख 47 हजार रुपये निर्धारित की गई है।वहीं राजस्व व्यय 154 करोड़ 59 लाख 7 हजार रुपये एवं पूंजीगत व्यय 151 करोड़ 35 लाख 81 हजार 500 रुपये रखा गया है।

नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को व्यवस्थित एवं तेज गति से आगे बढ़ाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है।सर्वसम्मति से यह तय किया गया कि शहर में प्रस्तावित विभिन्न विकास कार्यों के लिए बाहरी एजेंसी (एक्सटर्नल एजेंसी) के माध्यम से विस्तृत सर्वेक्षण कराया जाएगा,जिसके आधार पर आगामी कार्यों के लिए टेंडर जारी किए जाएंगे।

बैठक में अन्य महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी चर्चा कर उन्हें स्वीकृति दी गई।इनमें चंदनगांव बोदरी पुल के पास हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी से लगी निगम भूमि के अंतरण का प्रस्ताव,इमलीखेडा स्थित दुकानों के भू-भाटक निर्धारण, बस टर्मिनल,कमर्शियल कॉम्प्लेक्स एवं इंटीग्रेटेड टाउनशिप निर्माण हेतु निजी भूमि अधिग्रहण शामिल हैं।

इसके अलावा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री श्री ईश्वर सिंह चंदेली की प्रतिनियुक्ति,“समर्थ” दिव्यांगजन पुनर्वास योजना लागू करने तथा सिविल लाइन स्थित पार्क का नाम “स्मृति साहित्य वाटिका” रखने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।

एमएलबी स्कूल के सामने गार्डन में लोकमाता देवी अहिल्या होलकर की प्रतिमा स्थापित करने हेतु स्थल आवंटन,प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के अंतर्गत 138 आवेदनों की स्वीकृति सूची कलेक्टर को भेजने का निर्णय भी लिया गया।

जनहित से जुड़े निर्णयों में कचरा शुल्क 1200 रुपये से घटाकर 600 रुपये करने का प्रस्ताव परिषद में रखने का निर्णय शामिल है साथ ही वार्ड 43 में परासिया रोड से मोहन नगर रोड तक डामरीकरण, संत झूलेलाल वार्ड के कावेरी नगर में पार्क का नाम “नमो वाटिका” रखने तथा वार्ड 24 सोनपुर में सामुदायिक भवन एवं पार्क निर्माण को मंजूरी दी गई।
नगर निगम में कार्यरत कर्मचारियों के हित में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए रिक्त पदों पर रोस्टर प्रणाली के अनुसार पदोन्नति एवं नियमितीकरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने हेतु स्वीकृति प्रदान की गई है।