जनमत भास्कर छिन्दवाड़ा:-छिन्दवाड़ा शहर की हृदयस्थली छोटी बाज़ार स्थित श्री बड़ी माता मंदिर आस्था,परंपरा और संस्कृति का अद्भुत संगम है।सदियों से श्रद्धालुओं की अटूट श्रद्धा का केंद्र बना यह मंदिर नगर की धार्मिक पहचान के साथ-साथ उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का भी प्रतीक है। नवरात्रि के पावन अवसर पर यहां का वातावरण विशेष रूप से भक्तिमय हो उठता है,जहां हर ओर माँ के जयकारों की गूंज सुनाई देती है।

लगभग 500 वर्षों से भी अधिक प्राचीन इतिहास समेटे यह मंदिर अनेक मान्यताओं से जुड़ा हुआ है।कहा जाता है कि प्राचीन समय में यह क्षेत्र घने जंगलों से आच्छादित था, जहां माता की मूर्ति स्वयंभू शिला रूप में प्रकट हुई थी। समय के साथ यहां ग्राम देवी के रूप में पूजा-अर्चना प्रारंभ हुई और धीरे-धीरे मंदिर का भव्य स्वरूप विकसित हुआ। वर्तमान में मंदिर परिसर में माँ दुर्गा के साथ मां सिंहवाहिनी, अष्टभुजा माता और लक्ष्मी माता के स्वरूप स्थापित हैं, जिससे यह स्थल शक्ति उपासना का प्रमुख केंद्र बन गया है।

नवरात्रि के दौरान इस मंदिर की महिमा और भी बढ़ जाती है।दूर-दूर से आने वाले श्रद्धालु ज्योति कलश स्थापना,अभिषेक,पूजन, अर्चन और पाठ जैसे धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेते हैं। प्रतिदिन होने वाली आरती और पूजा का दृश्य श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर देता है और मंदिर परिसर में उमड़ने वाली भीड़ भक्तों की गहरी आस्था को दर्शाती है।

श्री बड़ी माता मंदिर नवनिर्माण कार्य अपने भव्य स्वरूप की ओर अग्रसर

मंदिर का भव्य नवनिर्माण कार्य भी निरंतर प्रगति पर है। लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत से विगत दो वर्षों से चल रहे इस कार्य में आकर्षक पिंक स्टोन पत्थरों का उपयोग किया जा रहा है,जिससे मंदिर का स्वरूप और अधिक दिव्य एवं भव्य बन रहा है।इस निर्माण कार्य का मार्गदर्शन अयोध्या मंदिर के प्रसिद्ध आर्किटेक्ट चंद्रकांत बी. सोमपुरा द्वारा किया जा रहा है,उनके निर्देशन में कार्य तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है और वर्तमान में लगभग 60 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि शेष कार्य शीघ्र पूर्ण करने के प्रयास जारी हैं।

चैत्र नवरात्र के अवसर पर मंदिर में माँ जगदंबा के विविध धार्मिक आयोजन विधि-विधानपूर्वक संपन्न किए जाएंगे।इनमें ज्योति कलश स्थापना,अभिषेक,पूजन, अर्चन एवं पाठ प्रमुख रूप से शामिल रहेंगे,जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता अपेक्षित है।मंदिर निर्माण से जुड़े सभी लोग पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ इस कार्य को आगे बढ़ा रहे हैं।

छिंदवाड़ा नगर का श्री बड़ी माता मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल ही नहीं,बल्कि श्रद्धा,आस्था और सामूहिक विश्वास का जीवंत प्रतीक है। यही कारण है कि श्रद्धालुओं का इस मंदिर से गहरा भावनात्मक जुड़ाव है और वे तन,मन एवं धन से इसके विकास में सहयोग प्रदान कर रहे हैं।