जनमत भास्कर,छिंदवाड़ा:- सनातन संस्कृति और प्रभु श्रीराम की लीलाओं की पावन परंपरा को संजोए शहर की ऐतिहासिक संस्था ‘श्री रामलीला मंडल,छिंदवाड़ा’ अपने 138वें गौरवशाली वर्ष में प्रवेश कर चुकी है।इस अवसर पर रविवार को स्थानीय श्रीराम मंदिर मानस भवन,छोटी बाजार में मंडल की महत्वपूर्ण वार्षिक बैठक आयोजित की गई,जिसमें आगामी 14 दिवसीय श्रीरामलीला मंचन और विजयादशमी (दशहरा) पर्व की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई।


बैठक के संबंध में जानकारी देते हुए श्री रामलीला मंडल के अध्यक्ष अरविंद राजपूत ने बताया कि इस महत्वपूर्ण बैठक के सभापति के रूप में अशोक कुमार माहोरे शामिल रहे।बैठक का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं “श्री राम जय राम जय जय राम” के सामूहिक संकीर्तन के साथ हुआ।इसके पश्चात कार्यक्रम की प्रस्तावना मंडल के उपाध्यक्ष मयंक चौरसिया द्वारा रखी गई। बैठक में कोषाध्यक्ष सुभाष साहू द्वारा विगत वर्ष आयोजित प्रभु श्रीराम की पावन जन्मभूमि अयोध्या धाम तथा जबलपुर में हुए ऐतिहासिक श्रीरामलीला मंचन के आय एवं व्यय का पूर्ण ब्योरा प्रस्तुत किया गया।बैठक के दौरान वर्तमान कार्यकारिणी का विवरण कस्तूरचंद जैन द्वारा रखा गया,जिस पर सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए वर्तमान कार्यकारिणी के कार्यकाल को आगामी तीन वर्षों के लिए विस्तारित करने का प्रस्ताव पारित किया गया।लीला मंचन की पूर्व तैयारियों एवं आगामी कार्यक्रमों पर प्रकाश डालते हुए मुख्य निर्देशक श्रांत चंदेल द्वारा बताया गया कि इस वर्ष 7 अक्टूबर से 14 दिवसीय पावन श्रीरामलीला का श्रीगणेश हो रहा है, जिसका भव्य समापन 20 अक्टूबर को विजयादशमी पर्व के साथ होगा,उन्होंने 45 दिनों के कड़े पूर्वाभ्यास और मंचन की नवीन रूपरेखा के संबंध में भी विस्तृत जानकारी दी।


बैठक में सचिव राजेंद्र आचार्य द्वारा विगत वर्ष अयोध्या धाम और जबलपुर की ऐतिहासिक व गौरवशाली यात्रा के अविस्मरणीय संस्मरण प्रस्तुत किए गए।इसके उपरांत उपाध्यक्ष रोहित द्विवेदी द्वारा लीला अवधि के दौरान आयोजित होने वाली ‘राम भोग सेवा’ की व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई।डिजिटल प्रसारण के संबंध में जानकारी देते हुए मंडल के प्रवक्ता ऋषभ स्थापक द्वारा बताया गया कि विगत वर्ष अयोध्या धाम से हुए सीधे प्रसारण की तर्ज़ पर इस वर्ष छिंदवाड़ा की ऐतिहासिक रामलीला का लाइव प्रसारण भी अत्याधुनिक 4K क्वालिटी में किया जाएगा,जिससे देश-विदेश के श्रद्धालु भी घर बैठे प्रभु की लीलाओं का आनंद ले सकेंगे।सदन को संबोधित करते हुए वरिष्ठ संरक्षक सतीश दुबे ‘लाला’,विजय आनंद दुबे एवं राजू चरणागर ने धर्म मर्यादा की रक्षा हेतु भगवान श्रीराम के जीवन आदर्शों पर अपने विचार व्यक्त किए।वहीं व्यासपीठ प्रमुख अनिल सेठिया द्वारा संगीतमय व्यवस्थाओं एवं शास्त्रीय गायन-वादन की पूर्व तैयारियों का विवरण साझा किया गया।

वार्षिक बैठक के इस पावन अवसर पर शहर के गणमान्य नागरिकों, अतिथियों एवं मंडल के पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें प्रमुख रूप से नरेंद्र साहू,धर्मेंद्र सोनू मागो, विजय पांडे,संतोष सोनी, नितिन उपाध्याय, इन्द्रजीतसिंह बैस,रिक्की खंडूजा,रामेश्वर प्रसाद चौरसिया,नरेश साहू,राजेंद्र सिंह ठाकुर,मंजीत सिंह बेदी,श्याम बाबा विश्वकर्मा, पीयूष विश्वकर्मा,हेमंत राय, रविकांत द्विवेदी,बबलू पांडे, युधिष्ठिर सोनी,गोविन्द राजपूत,हरपाल सिंह भट्टी तथा अंकुर शुक्ला शामिल रहे।कार्यक्रम का सफल संचालन तरुण जैन द्वारा किया गया तथा अंत में मंडल के उपाध्यक्ष समन द्विवेदी द्वारा उपस्थित सभी अतिथियों,पदाधिकारियों, कलाकारों एवं धर्मप्रेमी जनता का आभार व्यक्त किया गया।