जनमत भास्कर,छिंदवाड़ा :- हाल ही में सड़क दुर्घटना को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा छिंदवाड़ा दौरे में दिए गए बयानों पर भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह बयानबाजी पूरी तरह दुर्भाग्यपूर्ण,भ्रामक और राजनीतिक स्वार्थ से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि जिस दुखद घटना में लोगों की जान गई, उस पर राजनीति करना कांग्रेस की पुरानी आदत रही है।

शेषराव यादव ने कहा कि “सरकारी हत्या” जैसे गैर-जिम्मेदाराना शब्दों का इस्तेमाल कर कांग्रेस जनता की भावनाओं को भड़काने का काम कर रही है,उन्होंने कहा कि लाशों पर राजनीति करना और उन्हीं के सहारे सत्ता पाने की कोशिश करना कांग्रेस की पुरानी प्रवृत्ति रही है,जिसे आज एक बार फिर उजागर किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे,घायलों से मिले और बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की।वहीं प्रभारी मंत्री राकेश सिंह घटना की रात ही पीड़ितों के बीच पहुंचकर राहत कार्यों की निगरानी करते रहे।दोनों नेता लगातार प्रशासन से संपर्क में रहकर स्थिति की जानकारी ले रहे हैं। साथ ही संपूर्ण भाजपा परिवार भी पीड़ितों की सहायता में सक्रिय रूप से जुटा हुआ है।

इसी संदर्भ में उन्होंने कहा कि दुर्घटना के समय जिन पुलिस जवानों ने बिना अपने पैरों की परवाह किए कांच पर दौड़कर घायलों की मदद की,उनकी सराहना करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उनके लिए पुरस्कार की घोषणा भी की। लेकिन आश्चर्य की बात है कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के मुंह से उन बहादुर जवानों के लिए एक शब्द भी नहीं निकला,उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस केवल नकारात्मकता देखने और फैलाने तक ही सीमित रह गई है? क्या उन्हें अच्छा कार्य कहीं दिखाई या सुनाई नहीं देता?

उन्होंने कहा कि जहां एक ओर सरकार,जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता पूरी संवेदनशीलता और सक्रियता के साथ राहत कार्यों में जुटे हैं, वहीं कांग्रेस केवल आरोप लगाने और भ्रम फैलाने में लगी हुई है।

शेषराव यादव ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं कमलनाथ और नकुलनाथ पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि जिस समय छिंदवाड़ा की जनता इस भीषण हादसे के दर्द से गुजर रही थी,उस समय इन दोनों नेताओं का जिले से गायब रहना उनकी संवेदनहीनता को दर्शाता है। उन्होंने सवाल उठाया कि इतने बड़े हादसे के बाद भी ये दोनों नेता पीड़ित परिवारों के बीच क्यों नहीं पहुंचे?

उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि क्या इस बार भी कमलनाथ और नकुलनाथ कहीं शामियाना लगाकर पीड़ितों को बुलाकर औपचारिक दुख व्यक्त करेंगे, या वास्तव में उनके बीच जाकर संवेदना प्रकट करेंगे? यह सवाल आज हर छिंदवाड़ा वासी के मन में है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता केवल बयानबाजी और मीडिया में सुर्खियां बटोरने तक सीमित हैं,जबकि जमीनी हकीकत से उनका कोई लेना-देना नहीं है।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाते हुए कहा कि कमलनाथ और नकुलनाथ छिंदवाड़ा को केवल एक राजनीतिक चारागाह के रूप में उपयोग कर रहे हैं।चुनाव के समय वोट लेना और संकट के समय गायब हो जाना उनकी कार्यशैली बन चुकी है।

उन्होंने आगे कहा कि जिनके शासनकाल में प्रदेश में अव्यवस्था और भ्रष्टाचार चरम पर था,वे आज नैतिकता की बात कर रहे हैं।कांग्रेस को आत्ममंथन करना चाहिए कि उनके समय में कितनी घटनाओं पर उन्होंने जिम्मेदारी ली थी।

अंत में उन्होंने कहा कि यह समय राजनीति का नहीं, बल्कि पीड़ित परिवारों के साथ खड़े होने का है।भाजपा कार्यकर्ता हर स्तर पर पीड़ितों की मदद के लिए तत्पर हैं, जबकि कांग्रेस केवल कैमरों के सामने बयान देने तक सीमित है।