जनमत भास्कर,छिन्दवाड़ा :- जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित सक्सेना द्वारा किसान हित में आंदोलन एवं पार्टी और शासन से अपनी नाराज़गी जताते हुए इस्तीफा देने के बाद भाजपा के अन्य नेताओं में भी अपने ही शासन के खिलाफ भारी रोष दिखाई दे रहा है।

शासन से नाराज़गी के क्रम में अब भाजपा के युवा नेता और पार्षद ने निगम प्रशासन को 15 दिन का अल्टीमेटम दिया है।जलकर में बेतहाशा बढ़ोतरी और अनियंत्रित जल संकट को लेकर भाजपा नेता ने अपनी नाराज़गी सोशल मीडिया पर जाहिर कर अपनी मंशा से शासन और पार्टी को अवगत करा दिया है। अपने शब्दों में नेता ने कहा है कि- “आज मैं कह रहा हूं यदि 30 अक्टूबर तक जल समस्या का पूर्ण निराकरण नहीं हुआ तो जनता के साथ रहूँगा। नगर पालिक निगम के अधिकारी समय पर फोन नहीं उठाते तो रिटर्न लगाना चाहिए,नहीं लगाते।”

बता दें कि भाजपा के युवा नेता…. सांसद विवेक बंटी साहू के गृह क्षेत्र से नगर निगम वार्ड 42 के पार्षद संदीप सिंह चौहान ने स्वयं को जनसेवक बताते हुए सोशल मीडिया पर अपनी नाराज़गी जाहिर की है। उन्होंने बताया कि 29 जून को हमने गुलाबरा क्षेत्र और छिंदवाड़ा नगर के विभिन्न वार्डों को माचागोरा से जोड़ने की मांग की थी साथ ही कन्हान कॉम्प्लेक्स और नर्मदा नदी से छिंदवाड़ा को जोड़ने की मांग की थी। गुलाबरा में बोर करने और हैंडपंप लगाने की मांग भी की थी,लेकिन आज तक कुछ भी नहीं हुआ।आज मैं कह रहा हूं यदि 30 अक्टूबर तक जल समस्या का पूर्ण निराकरण नहीं हुआ,तो मैं जनता के साथ रहूँगा।नगर पालिक निगम के अधिकारी समय पर फोन नहीं उठाते तो रिटर्न लगाना चाहिए,नहीं लगाते।