जनमत भास्कर,छिन्दवाड़ा :- जिले में स्वास्थ्य विभाग के आउटसोर्स कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सीएमएचओ कार्यालय का घेराव किया।कर्मचारियों ने कलेक्ट्रेट और सांसद कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर एवं सांसद को ज्ञापन सौंपते हुए 24 माह के एरियर और बकाया वेतन के भुगतान की भी मांग की। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि सात दिनों के भीतर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे।

अस्थाई एवं आउटसोर्स कर्मचारी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वासुदेव शर्मा के नेतृत्व में जिले भर के सैकड़ों आउटसोर्स कर्मचारी सीएमएचओ कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का आरोप है कि अप्रैल 2024 से लागू पुनरीक्षित न्यूनतम वेतन का लाभ उन्हें नहीं दिया जा रहा है और पिछले 24 महीनों का एरियर भी लंबित है।

प्रदर्शन के बाद कर्मचारियों ने कलेक्टर और सांसद विवेक बंटी साहू को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आउटसोर्स कर्मचारियों को सीधे विभाग से वेतन भुगतान,ठेका प्रथा समाप्त करने,बकाया वेतन एवं एरियर का भुगतान,श्रेणी प्रमोशन की प्रक्रिया शुरू करने और निकाले गए कर्मचारियों की पुनः नियुक्ति सहित छह प्रमुख मांगें रखी गई हैं।

कर्मचारी नेताओं का कहना है कि यदि सात दिनों के भीतर उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो जिले के सभी आउटसोर्स कर्मचारी आंदोलन तेज करते हुए हड़ताल पर जाएंगे।