जनमत भास्कर छिन्दवाड़ा:-मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ एवं जिले के पूर्व सांसद नकुलनाथ ने जनता को सौगातें दी,टैक्स की मार कभी नहीं दी।नेताद्वय का हमेशा ही यह मानना रहा है कि जनता को सुविधाएं दी जाए, ना कि दुविधाएं।कांग्रेस शासित निगम में जनता को सुविधाएं मिली,विकास मिला और सौगातें मिली किन्तु जैसे ही निगम में भाजपा की सरकार आई उन्होंने सबसे पहले जनता पर टैक्स का बोझ डाला और जनता की जेब काटना शुरू किया….उक्त उदगार जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने राजीव भवन कांग्रेस कार्यालय में आयोजित बैठक को सम्बोधित करते हुए व्यक्त किए।

शहर कांग्रेस की आयोजित बैठक को सम्बोधित करते हुए श्री ओकटे ने कहा कि भाजपा ने जनता पर केवल भारी टैक्स का बोझ डाला है जिसके तले जनता दब चुकी है,उन्होंने उपस्थित कांग्रेसजन से कहा कि जनता के हक और अधिकार की लड़ाई व जनता पर हो रहे प्रत्येक अन्याय के खिलाफ कांग्रेस ने ही लड़ाई लड़ी है,आज भी लड़ रही और आगे भी लड़ती रहेगी,क्योंकि आजादी के लिए पहले अंग्रेजों से लड़ी अब चोरों से लड़ रही है,भ्रष्टाचारियों से लड़ रही और जनता के साथ अन्याय करने वालों के साथ लड़ रही है। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस पार्षद दल के द्वारा विरोध किए जाने के बाद भी भाजपा ने मनमानी करते हुए जनता पर बढ़ा हुआ टैक्स थोपा है।

आयोजित बैठक को सम्बोधित करते हुए शहर कांग्रेस अध्यक्ष पप्पू यादव ने कहा कि शहर कांग्रेस और कांग्रेस पार्षद दल ने टैक्स के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान चलाकर जनसमर्थन जुटाया,अब 18 सितम्बर को जन आंदोलन के माध्यम से निगम में फैली अनियमितताओं,आमजन को हो रही अनेकों असुविधाओं व बढ़े हुए टैक्स के खिलाफ कांग्रेस पार्षद दल एवं शहर कांग्रेस कमेटी हल्ला बोल आंदोलन कर बढ़ा हुआ टैक्स वापस लेने की मांग करेगी। राजीव भवन में प्रात:11 बजे समस्त कांग्रेसजन एकजुट होंगे जिसके उपरांत रैली के रूप में निगम कार्यालय पहुंचेंगे।

भाजपा ने 120 से 1200 किया स्वच्छता कर:-

आयोजित बैठक में कांग्रेस पार्षद दल ने कहा कि कांग्रेस के समय स्वच्छता कर 120 रुपए लिया जाता था,भाजपा ने इसे बढ़ाकर सीधे 1200 रुपए किया है।इसी तरह जलकर 175 रुपए से बढ़ाकर 260 रुपए लिया जा रहा तो वहीं सम्पत्ति कर में 10 प्रतिशत की वृद्धि कर भाजपा ने जनता से खुली लूट प्रारंभ कर दी है जिसके विरोध में जल्द ही कांग्रेस पार्षद दल एवं शहर कांग्रेस का हल्ला बोल प्रदर्शन होगा।

आयोजित बैठक को वरिष्ठ वरिष्ठ कांग्रेस नेता गंगाप्रसाद तिवारी,राजीव तिवारी,गुंजन शुक्ला,हंसा अम्बर दाढ़े, पूर्णिमा वर्मा,दीपा यादव, सरला सिसोदिया,बबला पटेल, टिंकू राय,राहुल मालवी,गोलू पटेल,शैलू सेंगर,मयंक गजभिये,रमन भारद्वाज ने भी सम्बोधित किया। बैठक में समन्वयक,कार्यवाहक अध्यक्ष, उप ब्लॉक प्रभारी,उप ब्लॉक अध्यक्षगण,शहर कांग्रेस के पदाधिकारीगण,पार्षदगण, वार्ड अध्यक्षगण व महिला कांग्रेस सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।

बैठक में मंच संचालन अजय सिन्हा के द्वारा किया गया व आभार प्रदर्शन अभिषेक गुप्ता ने किया।