जनमत भास्कर छिंदवाड़ा :-छिंदवाडा जिले को धर्म एवं आस्था से जोड़ने वाला लालबाग क्षेत्र इस नवरात्रि पर्व पर एक बार फिर आस्था, भक्ति और सांस्कृतिक समर्पण का केन्द्र बनने जा रहा है। लालबाग की माई सेवा समिति द्वारा इस वर्ष माँ दुर्गा की 21 फीट ऊँची विराट प्रतिमा की स्थापना की जा रही है,जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र होगी।

समिति के अध्यक्ष मनजीत सिंह बेदी ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि पिछले दो वर्षों में मंडल द्वारा अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित झांकियाँ प्रस्तुत की गई थी,जिन्हें छिंदवाडा ही नहीं,बल्कि आसपास के जिलों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने सराहा और मातारानी के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

इस वर्ष भी श्रद्धालुओं की भावना और भक्ति को ध्यान में रखते हुए तीन माह से निर्माणाधीन 21 फीट ऊँची विशालकाय माँ दुर्गा प्रतिमा तैयार की जा रही है।झाँकी का सजीव चित्रण का कार्य लगभग 25 कलाकारों की टीम द्वारा किया जायेगा।30,000 वर्गफीट क्षेत्र में माता रानी का विशाल दरबार का सजाया जा रहा है,जिसमें भव्य सजावट एवं प्रकाश व्यवस्था की जाएगी।झाँकी की प्रस्तुति प्रतिघंटा 4 बार की जाएगी, जिससे अधिक से अधिक श्रद्धालु दर्शन लाभ ले सकें। महिलाओं के लिए विशेष बैठक व्यवस्था भी की जाएगी, जिससे उन्हें दर्शन के समय किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मनजीत सिंह बेदी ने यह भी बताया कि मंडल का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि लोगों को एकजुट कर सामाजिक समरसता और उनकी आस्था को भी बढ़ावा देना है।