अखाड़ों की शस्त्र विद्या का अद्भुत प्रदर्शन…तोपों की सलामी,सांस्कृतिक व धार्मिक झांकियों के साथ ही साथ होंगे विशेष आकर्षण
जनमत भास्कर, छिंदवाड़ा :- मध्यप्रदेश की लोक संस्कृति की अनूठी पहचान, रक्षाबंधन के द्वितीय दिवस आयोजित होने वाला भुजलिया उत्सव महापर्व इस वर्ष 29 अगस्त को बड़े ही धूमधाम और पारंपरिक शास्त्रीय अंदाज़ में मनाया जाएगा।सार्वजनिक श्री भुजलिया उत्सव समिति के अध्यक्ष अजय चरणागर ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर 1 बजे रोपित भुजलिया पूजन से होगा,तत्पश्चात श्री बड़ी माता जी,श्री राम मंदिर और श्री चौबे बाबा जी में पूजन-अर्चन के बाद स्थानीय श्री रामलीला रंगमंच से विशाल जुलूस प्रस्थान करेगा।डीजे और बैंजो बाजों के साथ इस बार अखाड़ों की शस्त्र विद्या का अद्भुत प्रदर्शन विशेष आकर्षण रहेगा।श्री गप्तु उस्ताद श्री बड़ी माता व्यायाम शाला , श्री छोटी माता व्यायाम शाला के युवा व वरिष्ठ कलाकार अखाड़े की प्राचीन शस्त्रीय परंपरा में हथियारों के करतब पेश करेंगे। इसके साथ विशेष तोपों से सलामी के साथ वीर आल्हा-ऊदल की सेना,पृथ्वीराज की सेना, बहन चन्द्रावली का डोला, और अन्य सांस्कृतिक व धार्मिक झांकियाँ भी शोभा बढ़ाएँगी।
भुजलिया जुलूस मार्ग
श्री रामलीला रंगमंच → गणेश चौक → दुर्गा चौक → पावर हाउस → श्री बड़ी माता जी → छोटी माता मेन रोड → गोलगंज → राज टाकीज → आजाद चौक → करबला चौक → यातायात थाना → बड़े तालाब (समापन)।
जुलूस के बाद ऐतिहासिक परंपरा के अनुसार वीर पृथ्वीराज और वीर आल्हा-ऊदल का युद्ध प्रदर्शन होगा,साथ ही बहन चन्द्रावली द्वारा वीर आल्हा-ऊदल को रक्षासूत्र बाँधने की रस्म निभाई जाएगी।इस कार्यक्रम के अध्यक्ष सांसद विवेक बंटी साहू,पूर्व मंत्री दीपक सक्सेना,मुख्य अतिथि महापौर विक्रम अहाके , जिला भाजपा अध्यक्ष शेषराव यादव,निगम अध्यक्ष सोनू मागो सहित समस्त अतिथियों का सम्मान समारोह कार्यक्रम भी होगा। सचिव कुशल शुक्ला ने सभी सनातनी हिन्दू बंधुओं से इस भव्य आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर परंपरा को गौरवान्वित करने का आग्रह किया है।




