जनमत भास्कर छिंदवाड़ा:-शुक्रवार को मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते के मुख्य आतिथ्य में स्थानीय प्रधानमंत्री कालेज ऑफ एक्सलेंस के आडिटोरियम में संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की जयंती के उपलक्ष्य में संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
संगोष्ठी कार्यक्रम का प्रारंभ मां भारती की आरती कर एवं डॉ भीमराव अंबेडकर,डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी,दीनदयाल उपाध्याय के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। संगोष्ठी में वंदे मातरम गीत गायन किया गया।वंदे मातरम गीत के उपरान्त पहलगाम आतंकवादी हमले में शहीद व्यक्तियों के लिए मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
सर्वप्रथम भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने अपने स्वागत भाषण देते हुए सभी अतिथियों एवं श्रोताओं का स्वागत किया। स्वागत भाषण के उपरान्त अनुसूचित जाति मोर्चा जिला अध्यक्ष श्रीमती ज्योति डेहरिया ने भारत रत्न डॉ बाबा साहब अंबेडकर के जीवन पर प्रकाश डाला एवं उनके द्वारा देश के लिए किए गए उल्लेखनीय कार्यों को संक्षिप्त में बताया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा साहब विद्वान व्यक्ति थे लेकिन कांग्रेस पार्टी बाबा साहब की बुद्धिमत्ता को कभी स्वीकार नहीं कर पाई और उनको राजनीति में आगे बढ़ने से रोकने के लिए कांग्रेस एवं जवाहरलाल नेहरू ने अनेकों कुप्रयास किये,उन्होंने कहा कि जवाहरलाल नेहरू ने बाबा साहब को चुनाव हराने के लिए कई हथकंडे अपनाए और बाबा साहब को लोकसभा चुनाव में पराजित करवा दिया,यहां तक की मरणोपरांत बाबा साहब की अंत्येष्टि के लिए तत्कालीन कांग्रेस सरकार और जवाहरलाल नेहरू ने दिल्ली में अंतिम संस्कार के लिए जमीन भी नहीं दी और उनका स्मारक बनाने के लिए न तो जमीन उपलब्ध कराई और ना ही स्मारक बनाने को मंजूरी दी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी के नेतृत्व में बाबा साहब को सम्मान देने के लिए उनसे जुड़े स्थानों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा बाबा साहब का अपमान,तिरस्कार किया और भारतीय जनता पार्टी ने सम्मान दिलाने का काम किया। श्री कुलस्ते ने कहा कि कांग्रेस ने संविधान संशोधन केवल व्यक्तिगत लाभ के लिए किया किंतु भारतीय जनता पार्टी ने देश और समाज के लिए संविधान में संशोधन किया। उन्होंने कहा कि नेहरू सरकार में बाबा साहब कैसे राजनीतिक षड्यंत्र का का शिकार हुए बाबा साहब यदि विद्वान ना होते तो कभी भी वे संविधान सभा के अध्यक्ष ना बन पाते। बाबा साहब के कारण ही आज अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति को रिजर्वेशन मिल पाया है। उन्होंने कहा कि पूर्व की कांग्रेस सरकार ने बाबा साहब का केवल तिरस्कार किया,उनका अपमान किया…बाबा साहब को किसी ने यदि सम्मान दिया है तो केवल भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने दिया। बाबा साहब के सामाजिक समरसता के विचार को आगे बढ़ाना भाजपा कार्यकर्ता का पहला कर्तव्य है,उन्होंने कहा कि भाजपा देश के संविधान को भारत की आत्मा मानती है, जबकि कांग्रेस पार्टी देश के संविधान को एक किताब मानते हैं। बाबा साहब ने दलितों और वंचितों के सम्मान के लिए काम किया और कांग्रेस ने हमेशा ही बाबा साहब का अपमान किया।
श्री कुलस्ते ने आगे कहा कि कांग्रेस ने उन्हें चुनाव हराने के साथ हमेशा अपमानित करने का कार्य भी किया है। जवाहरलाल नेहरू और कांग्रेस पार्टी ने बाबा साहब को चुनाव हराने का कार्य किया। बाबा साहब भीमराव अंबेडकर ने हमेशा सामाजिक समरसता के लिए कार्य किए। बाबा साहब के सामाजिक समरसता के विचारों को आगे बढ़ाकर आम जनता तक पहुंचाने का दायित्व हर भाजपा कार्यकर्ता का है,उन्होंने कहा कि बाबा साहब द्वारा बनाए गए संविधान का कांग्रेस ने अनेकों बार दुरुपयोग कर देश को अस्थिर करने का कुत्सित प्रयास किया। 25 जून 1975 को देश में आपातकाल लगाकर कांग्रेस ने संविधान का दुरुपयोग किया था।
छिंदवाड़ा लोकसभा प्रभारी एवं पूर्व विधायक सिवनी नरेश दिवाकर ने अपने भाषण में बाबा साहब के बचपन की एक घटना का वर्णन किया जिसमें स्कूल की कक्षा में विद्यार्थियों से शिक्षक ने पूछा कि ऐसी कौन सी वस्तु है देख सकते हैं अन्य विद्यार्थियों ने अपने अलग-अलग उत्तर दिया बाबा साहब ने खड़े होकर जवाब दिया कि विद्यालय में एक पानी का घड़ा रखा हुआ था उसे देखकर कहा कि इसे हम देख सकते पर छू नहीं सकते।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पी आर डेहरिया डब्ल्यू सी एल के सेवा निवृत्त कर्मचारी द्वारा की गई तथा कार्यक्रम का संचालन लोकेश डेहरिया ने किया गया।
इस अवसर पर भारिया विकास प्राधिकरण अध्यक्ष दिनेश अंगारिया,संगोष्ठी के संयोजक एवं जिला महामंत्री टीकाराम चंद्रवंशी,एस सी मोर्चा जिलाध्यक्ष श्रीमती ज्योति डेहरिया,चौरई विधानसभा प्रभारी लखन वर्मा,पूर्व जिला महामंत्री उत्तम ठाकुर,सीताराम डेहरिया, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष संजय पटेल,वरिष्ठ भाजपा नेता विजय पांडे,अजय सक्सेना,गुरजीत बेदी, अलकेश साव,मंडल अध्यक्ष अंकुर शुक्ला,संगोष्ठी के सह प्रभारी,संदीप चौहान,राकेश माइकल पहाड़े,मनीष निर्मलकर सहित बड़ी संख्या में बुद्धिजीवी वर्ग,भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।