जनमत भास्कर छिन्दवाड़ा:-मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ एवं जिले के पूर्व सांसद नकुलनाथ ने कभी भी जनता पर टैक्स का भार नहीं डाला।निगम में जब तक कांग्रेस की सरकार रही तब तक किसी प्रकार के टैक्स में बढ़ोत्तरी नेताद्वय ने नहीं होने दी,किन्तु जैसे ही भाजपा की सरकार आई उन्होंने सर्वप्रथम जनता पर कर का बोझ डाला, क्योंकि बात केन्द्र की हो या फिर राज्य की जब-जब भाजपा ने सत्ता संभाली तब-तब जनता को महंगाई का सामना करना पड़ा है।
भाजपा की सरकार में हर छोटी-बड़ी वस्तुओं के दाम आसमान पर है।जनता के टैक्स से चलने वाली जनसुविधाएं भी अब महंगी हो चुकी है,जिसका सीधा असर जनता की जेब पर ही पड़ रहा है,किन्तु इससे भाजपा को कोई सरोकार नहीं है,क्योंकि उसे जनता की चिंता केवल और केवल चुनाव के समय होती है इसके बाद क्या समस्याएं हो रही,नागरिक क्यों परेशान है इससे कोई लेना देना नहीं है।इसीलिये जनता के हितों के खिलाफ जाकर भाजपा ने जलकर,सम्पत्ति कर व स्वच्छता कर सहित अन्य करों में मनमानी वृद्धि कर दी है जिसका असर तत्काल ही दिखाई देने लगा है,क्योंकि यह भाजपा की सरकार है जिसने केन्द्र से राज्य व निगम तक जनता पर महंगाई और सिर्फ महंगाई ही डाली है।
फिर भाजपा सरकार की मार
जनता पर डाले गए टैक्स के बोझ के विरोध में शहर कांग्रेस कमेटी एवं कांग्रेस पार्षद दल शहर के वार्ड क्रमांक 40 एवं वार्ड क्रमांक 45 नोनिया करबल में पहुंचे,कांग्रेस के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों के साथ ही प्रत्येक घर-घर पहुंचकर व्यक्तिगत बढ़ाए गए कर के खिलाफ हस्ताक्षर लेकर जनसमर्थन जुटाया।कांग्रेस के वक्ताओं ने आमजन का समर्थन जुटाते हुए बताया कि भाजपा रोजमर्रा की प्रत्येक वस्तुओं के दामों में वृद्धि कर जनता को लूट रही है।जब तक जनसमर्थ इसके खिलाफ आवाज नहीं उठाएगा तब तक भाजपा की मनमानी इसी तरह जारी रहेगी जिसकी खिलाफत नितांत आवश्यक है। आयोजित हस्ताक्षर अभियान में कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारीगण व कार्यकर्तागण सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।