जनमत भास्कर,छिंदवाड़ा :- छिंदवाड़ा में गो संरक्षण और गो माता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है।’गो सम्मान आह्वान अभियान’ के तहत राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन जिला प्रशासन के माध्यम से सौंपा गया। अभियान से जुड़े लोगों ने करोड़ों नागरिकों के समर्थन का दावा करते हुए केंद्र सरकार से गो संरक्षण के लिए ठोस कानून बनाने और गोवंश को संवैधानिक संरक्षण देने की मांग की है।

गो सम्मान आह्वान अभियान के प्रतिनिधियों ने सोमवार को जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में भारतीय संविधान के अनुच्छेद 48 और 51(ए)(जी) का हवाला देते हुए गोवंश को ‘राष्ट्रमाता’ का दर्जा देने,केंद्र में गौ मंत्रालय की स्थापना करने और गौ संरक्षण के लिए प्रभावी केंद्रीय कानून बनाए जाने की मांग की गई।

अभियान के पदाधिकारियों ने बताया कि 27 अप्रैल 2026 को देशभर की 5100 तहसीलों से करोड़ों नागरिकों के हस्ताक्षरों के साथ यह अभियान शुरू किया गया था।अब उसी क्रम में राष्ट्रपति के नाम पुनः स्मरण पत्र भेजकर सरकार से शीघ्र निर्णय लेने की अपील की गई है।