जनमत भास्कर,छिंदवाड़ा:- मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत छिंदवाड़ा जिले के चयनित तीर्थ यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है।योजना के तहत तीर्थस्थल कामाख्या तीर्थ की यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं की विशेष ट्रेन 11 जुलाई दिन शनिवार को दोपहर 03:30 बजे छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशन से रवाना होगी।यह धार्मिक यात्रा 11 जुलाई से प्रारंभ होकर 16 जुलाई तक संचालित की जाएगी।प्रशासन द्वारा सभी चयनित तीर्थ यात्रियों के लिए विशेष निर्देश जारी किए गए हैं कि वे निर्धारित समय से पूर्व,यानि शनिवार दोपहर 02:00 बजे तक अनिवार्य रूप से छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशन पर अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें,ताकि समय पर ट्रेन में बैठाने की अग्रिम वैधानिक व तकनीकी कार्यवाही पूरी की जा सके।सभी संबंधित यात्रियों को अपने साथ यात्रा टिकट तथा शासन द्वारा जारी फोटो युक्त मूल पहचान पत्र (जैसे वोटर आई-डी कार्ड,पैन कार्ड आदि या अन्य आवश्यक शासकीय पहचान पत्र) अनिवार्य रूप से साथ लाना होगा। इसके अतिरिक्त, यात्रियों की सुगमता के लिए समस्त नगरीय निकायों (नगर पालिका,नगर परिषद) के मुख्य नगरपालिका अधिकारियों तथा जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के चयनित यात्रियों को नियत समय पर छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशन लेकर उपस्थित हों।