जनमत भास्कर,छिंदवाड़ा :- गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने सोमवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया और जिला प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।इस दौरान बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।ज्ञापन में शिक्षा,स्वास्थ्य,किसानों और आशा कार्यकर्ताओं से जुड़े मुद्दों सहित कुल पांच प्रमुख मांगें रखी गईं।
पार्टी ने आरोप लगाया कि जिले के कई छात्रावासों और शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थियों को मूलभूत सुविधाएं तक नहीं मिल रही हैं।कहीं भोजन की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें हैं तो कहीं छात्राओं के लिए विद्यालय और छात्रावास तक पहुंचने के लिए सड़क जैसी बुनियादी सुविधा भी उपलब्ध नहीं है।मेघासिवनी स्कूल,एकलव्य आवासीय विद्यालय और सीएम राइज गुरैया सहित अन्य संस्थानों की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की।
ज्ञापन में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर भी चिंता जताई गई।पार्टी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को स्थानीय समस्याओं के समाधान पर प्राथमिकता से ध्यान देना चाहिए।सांसद विवेक बंटी साहू पर स्थानीय मुद्दों की अपेक्षा अन्य कार्यक्रमों में अधिक व्यस्त रहने का आरोप लगाते हुए जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही तय करने की मांग की गई साथ ही व्यंग्यात्मक रूप से उन्हें “घुमक्कड़ सांसद” का प्रमाण पत्र दिए जाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल की गई।
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने नीट पेपर लीक के कारण मृत होने वाले छात्र छात्राओं के परिजनों को सम्मानजनक आर्थिक सहायता की मांग भी उठाई। इसके अलावा विश्व आदिवासी दिवस पर जिले की सभी देशी और विदेशी शराब दुकानों को एक दिन के लिए बंद रखने की मांग भी की गई।




