जनमत भास्कर,छिंदवाड़ा :- विगत 19 अगस्त को सुबह 4 बजे चौरई के आदिवासी बालक आश्रम हरदुआमाल से 11 बच्चे आश्रम छोडक़र भाग गए थे। बच्चों का आरोप था कि उन्हें अच्छा खाना नहीं दिया जाता है। खाने में पानी वाली सब्जी दी जाती है। ऐसी ही दर्जनों शिकायत करते हुए बच्चों ने अधीक्षिका पर गंभीर आरोप लगाए थे।शिकायत के आधार पर जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त सतेंद्र सिंह मरकाम ने जांच दल का गठन करते हुए जांच करवाई थी।वहीं इस पूरे मामले से जनजातीय कार्य विभाग के संभागीय उपायुक्त को अगवत कराया गया था। सहायक आयुक्त की रिपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए मंगलवार को हॉस्टल अधीक्षिका श्रीमति गायत्री सनोडिया को निलंबित कर दिया गया है।

इस मामले में जनजातीय कार्य विभाग के मंडल संयोजक मनीष बोरकर ने जांच करते हुए पाया था कि बच्चों के साथ छात्रावास अधीक्षिका द्वारा अभद्र व्यवहार किया जाता है। मारपीट करते हुए बच्चों को खाना वितरण में लापरवाही बरती जाती है।इतना ही नहीं बच्चों को दी जाने वाली दैनिक उपयोग की वस्तुएं भी उपलब्ध नहीं कराई जाती है।अधीक्षिका को निलंबित करते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बिछुआ अटैच कर दिया गया है।




