जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्येक मतदान केंद्र पर होंगे शिविर आयोजित…नए मतदाता सहित छूटे पात्र नागरिक जुड़वा सकेंगे नाम
जनमत भास्कर,छिन्दवाड़ा :- भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में फोटो निर्वाचक नामावली के संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्य जारी है।इसके अंतर्गत मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने एवं छूटे हुए पात्र नागरिकों को शामिल करने के उद्देश्य से जिले के सभी पांच विधानसभा क्षेत्रों जुन्नारदेव,अमरवाड़ा,चौरई, छिंदवाड़ा एवं परासिया के प्रत्येक मतदान केंद्र पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ये शिविर 21 एवं 22 नवंबर तथा 5 एवं 6 दिसंबर को आयोजित होंगे। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, मध्यप्रदेश भोपाल एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हरेंद्र नारायन के निर्देशन में आयोजित इन शिविरों में विशेष रूप से 18-19 वर्ष आयु वर्ग के नवीन मतदाताओं,पात्र नागरिकों तथा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे हुए लोगों के नाम जोड़ने की कार्रवाई की जाएगी।
1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर जुड़ेंगे नाम
मतदाता सूची के संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 12 नवंबर 2026 को निर्वाचक नामावली के प्रारूप का प्रकाशन किया जा चुका है।इसके बाद 4 जनवरी 2027 को निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले के दिव्यांगजनों,प्रवासियों, वरिष्ठ नागरिकों,18-19 वर्ष आयु वर्ग के नवीन मतदाताओं सहित अन्य पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया पूर्ण करें,उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।सभी पात्र नागरिक विशेष शिविरों का लाभ उठाकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।




