जनमत भास्कर छिन्दवाड़ा:-भारतीय डाक विभाग द्वारा जिला मुख्यालय छिंदवाड़ा में प्रथम जिला स्तरीय डाक टिकट प्रदर्शनी “छिंदपेक्स 2025” का दो दिवसीय आयोजन 17 से 18 दिसंबर तक एमएलबी स्कूल के सामने,उत्कृष्ट विद्यालय के सभागार में किया गया है।यह प्रदर्शनी फिलाटेली प्रेमियो, विद्यार्थियों तथा समस्त नागरिकों के लिए ज्ञानवर्धक एवं मनोरंजक आकर्षणों से भरपूर होगी।प्रदर्शनी प्रातः10 बजे से सायं 6 बजे तक सभी नागरिकों के लिए नि:शुल्क खुली रहेगी।छिंदवाड़ा में आयोजित की जा रही प्रथम जिला स्तरीय डाक टिकट प्रदर्शनी “छिंदपेक्स 2025” न केवल डाक टिकट संग्रहण का शौक रखने वाले लोगों के लिए एक सुअवसर है,बल्कि सामान्यजनों के लिए भी यह अत्यंत लाभकारी अवसर है, जिसके माध्यम से हम हमारे देश की पुरातन सभ्यता/संस्कृति के विरासत में महत्वपूर्ण योगदान को समझ एवं देख सकेंगे।इस प्रदर्शनी में जिले के अतिरिक्त अन्य जिले से भी फिलाटेलिस्ट उपस्थित होंगे।

अधीक्षक डाकघर छिंदवाड़ा ने बताया कि प्रदर्शनी की थीम “विरासत के रंग डाक के संग” है।यह प्रदर्शनी इतिहास, संस्कृति,विज्ञान,कला तथा देश की विविध विरासत को दर्शाने वाले डाक टिकटों का व्यापक संग्रह प्रस्तुत करेगी,जो विद्यार्थियों,शोधार्थियों तथा आमजन के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक सिद्ध होगी।डाक टिकट केवल संचार का माध्यम नहीं,बल्कि विभिन्न कालखंडों,राष्ट्रीय उपलब्धियों और महत्वपूर्ण घटनाओं का जीवंत दस्तावेज होते हैं।इस प्रदर्शनी का उद्देश्य नागरिकों, विशेषकर युवाओं को फिलैटेली की समृद्ध परंपरा से जोड़ना और संग्रहण की प्रवृत्ति को प्रोत्साहित करना,डाक टिकटों के संबंध में जानकारी सुलभ कराना एवं डाक टिकट संग्रह के प्रति लोगों में रूचि उत्पन्न कराना है।

इसके साथ ही उन्होंने बताया कि डाक टिकट प्रदर्शनी के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जायेगा,जिसमें विभिन्न स्कूलों से आंमत्रित छात्र-छात्राएँ हिस्सा लेंगे।इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को “छिंदपेक्स 2025” के समापन समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा।इस कड़ी में 17 दिसंबर बुधवार को “छिंदपेक्स 2025”,दोपहर 1.00 बजे उद्घाटन समारोह तथा “पातालकोट” पर विशेष आवरण का विमोचन किया जाएगा।इसके बाद दोपहर 3.00 बजे स्टैम्प डिजाइन प्रतियोगिता एवं 5.00 से 6.00 बजे के बीच सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजत किये जायेंगे।18 दिसंबर 2025 गुरुवार को प्रातः11.30 बजे प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता तथा दोपहर 2.00 बजे कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का समापन सायं 4.00 बजे होगा।जिले के सभी नागरिकों से अपील है कि वे दो दिवसीय जिला स्तरीय डाक टिकट प्रदर्शनी “छिंदपेक्स 2025” का उत्साह के साथ भ्रमण कर अवसर का लाभ उठायें।