पुश्तैनी प्रॉपर्टी के हिस्से बटवारे में रिश्तों का कत्ल
जनमत भास्कर,छिन्दवाड़ा:-छिन्दवाड़ा जिला अंतर्गत बिछुआ पुलिस द्वारा प्रॉपर्टी के हिस्से बटवारे से नाराज होकर अपने ही पिता को मौत के घाट उतारने वाले कलयुगी बेटे को गिरफ्तार किया गया है…फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस द्वारा आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
दरअसल बिछुआ थाना अंतर्गत आने वाले ग्राम गोनावाड़ी में विगत 01 फरवरी को 58 वर्षीय पतिराम परतेती की अज्ञात कारणों से मृत्यु होने की सूचना बिछुआ पुलिस को मिली थी जिसके बाद पुलिस द्वारा मौके पर जाकर घटना की तस्दीक करते हुए मर्ग कायम कर मामले की जांच आरम्भ की गई…पुलिस की विवेचना के दौरान मालूम पड़ा कि मृतक पतिराम के दो बेटे हैं,चूंकि मृतक के पास दो मकान थे,जिसने उन्हें अपने दोनों बेटों को परिवार सहित रहने के लिए दे दिया था…खेत मे बने मकान में बड़ा बेटा 36 वर्षीय बबलू परतेती अपने परिवार के साथ रह रहा था तो वहीं गांव में बने मकान में छोटा बेटा जितेंद्र परतेती अपने परिवार के साथ रह रहा था,छोटे बेटे के साथ ही मृतक पिता भी रहा करते थे।
अपने पिता के द्वारा जमीन व मकान के इसी बटवारे को लेकर बड़ा बेटा संतुष्ट नही था और अक्सर नाराज रहा करता था,इसी के चलते ही इस बटवारे की कानूनी लड़ाई तहसील न्यायालय बिछुआ में भी विचाराधीन थी।
घटना के दिन 01 फरवरी को पिता पतिराम जब सुबह लगभग 7 बजे अपने खेत मे बने कोठे में थे तभी बड़ा बेटा वहां आया और फिर हिस्से बटवारे को लेकर पिता पुत्र में वाद विवाद हो गया,उसी दौरान बड़े बेटे द्वारा पिता के साथ मारपीट कर एवं गला दबाकर पिता की निर्ममता पूर्वक हत्या कर दी गई..फिलहाल पुलिस ने विवेचना के दौरान आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही साथ घटना से जुड़े विभिन्न साक्ष्य भी संकलित कर लिए हैं।
इस अंधे हत्याकांड की गुत्थी को त्वरित सुलझाने में थाना प्रभारी बिछुआ सतीश उइके,एएसआई शिवशंकर सिंह,अजयसिंह बघेल,प्रधान आरक्षक प्रमोद कुमार धुर्वे,यशवंत मर्सकोले,आरक्षक राकेश उइके,राकेश सेवटकर,फूलभानशाह परते,लोकेश पटले एवं पप्पी बरखाने की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




