जनमत भास्कर,छिन्दवाड़ा:-नगर के सबसे ऊंचे स्थल धर्मटेकड़ी पर स्थित श्री काली बाड़ी मंदिर वर्ष 2012 से धर्म नगरी के प्रमुख पर्यटन एवं आस्था केंद्र के रूप में स्थापित है।यह मंदिर न केवल स्थानीय श्रद्धालुओं,बल्कि दूर-दराज़ से आने वाले भक्तों के लिए भी विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।मंदिर के मुख्य पुजारी श्रीमंत चक्रवर्ती ने जानकारी देते हुए बताया कि यहां वर्षभर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम बंगाली परंपरा एवं विधि-विधान के साथ सम्पन्न किए जाते हैं।इस पावन चैत्र नवरात्र के अवसर पर माँ के 351 दिव्य ज्योति कलशों की भव्य स्थापना की गई है।ये सभी कलश विशेष रूप से पीतल (ब्रास) के बने हुए हैं, जिन्हें बंगाल से विशेष रूप से मंगवाया गया है।प्रत्येक वर्ष चैत्र एवं शारदीय नवरात्रों में इन्हीं ताम्रपात्र कलशों में स्थापना की परंपरा निभाई जाती है।इसके साथ ही माँ को दिव्य शिमई दान अर्पित किया गया है तथा प्रतिदिन 108 ज्योतियों के साथ भव्य आरती संपन्न की जा रही है। मंदिर में माँ का अभिषेक, पूजन-पाठ,वस्त्र श्रृंगार एवं आभूषण सेवा सहित सभी धार्मिक अनुष्ठान विधिपूर्वक निरंतर जारी हैं।नवरात्र पर्व के दौरान मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु माँ के दर्शन हेतु पहुँच रहे हैं और भक्ति भाव से सहभागी बन रहे हैं। श्री काली बाड़ी मंदिर समिति द्वारा सभी कार्यक्रमों का सुचारु एवं व्यवस्थित संचालन किया जा रहा है।आप सभी श्रद्धालुजन इस पावन अवसर पर मंदिर के कार्यक्रमों में सादर आमंत्रित हैं।