जनमत भास्कर,छिंदवाड़ा :- साहित्य,संगीत एवं संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु कार्यरत संस्था “युवा प्रतिभा प्रोत्साहन मंच,छिंदवाड़ा” (मध्यप्रदेश) द्वारा संगीत की विभिन्न विधाओं से जुड़ी प्रतिभाओं के प्रोत्साहन के उद्देश्य से “उस्ताद ज़ाकिर हुसैन स्मृति अवार्ड” का आयोजन किया जा रहा है।
संस्था द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार आगामी 12 जून, शुक्रवार को आयोजित होने वाले इस आयोजन में देशभर से ऑनलाइन माध्यम द्वारा चयनित प्रतिभागी अपनी प्रस्तुतियाँ देंगे।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य संगीत के क्षेत्र में कार्यरत उभरती हुई प्रतिभाओं को एक प्रतिष्ठित मंच प्रदान करना तथा उनकी कला को प्रोत्साहित करना है।
आयोजन के अंतर्गत भारतीय शास्त्रीय संगीत,सुगम संगीत एवं अन्य संगीत विधाओं से संबंधित चयनित प्रतिभाएँ अपनी कला का प्रदर्शन करेंगी।निर्णायक मंडल द्वारा प्रस्तुतियों का मूल्यांकन कर विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रस्तुति पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
साथ ही सम्पूर्ण आयोजन में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी को संस्था की ओर से प्रतिष्ठित “उस्ताद ज़ाकिर हुसैन स्मृति अवार्ड” से सम्मानित किया जाएगा।
संस्था ने विश्वास व्यक्त किया है कि यह आयोजन देशभर की युवा एवं प्रतिभाशाली कलाकारों को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करेगा तथा संगीत के क्षेत्र में उत्कृष्टता को बढ़ावा देगा।




