जनमत भास्कर,छिंदवाड़ा :- विश्व आदिवासी दिवस से पहले गोंडवाना गणतंत्र पार्टी युवा मोर्चा ने अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर बुधवार को राज्यपाल के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में 9 अगस्त को शासकीय अवकाश घोषित करने,शराब दुकानों को बंद रखने,आदिवासी भूमि और सामाजिक सम्मान से जुड़े मुद्दों पर कार्रवाई की मांग उठाई गई।

ज्ञापन में प्रमुख रूप से 9 अगस्त विश्व आदिवासी दिवस पर शासकीय अवकाश घोषित करने और जिले की सभी ग्रामीण एवं शहरी शराब दुकानों को बंद रखने की मांग की गई है।
इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले डीजे एवं ध्वनि विस्तारक वाहनों को कार्यक्रमों में बिना शर्त अनुमति देने की मांग भी रखी गई।
ज्ञापन में आदिवासी भूमि पर कथित कब्जों को रोकने, सामान्य मद में परिवर्तित की गई भूमि की रजिस्ट्री निरस्त करने तथा आदिवासी समाज के सम्मान से जुड़े मामलों में प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की गई।
इसके अलावा ज्ञापन में आर्य समाज द्वारा आदिवासी युवक-युवतियों के विवाह से जुड़े मामलों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की भी मांग उठाई गई।
युवा मोर्चा ने प्रशासन से सभी मांगों पर शीघ्र निर्णय लेकर उचित कार्रवाई करने की अपील की है।