जनमत भास्कर छिन्दवाड़ा:- ग्रामीण क्षेत्रों में सफल रहे स्वच्छता साथी ‘वाश ऑन व्हील्स’ सेवा के नवाचार को अब शहरी क्षेत्र में भी विस्तार देते हुये बुधवार को छिंदवाड़ा नगर पालिक निगम क्षेत्र में “अर्बन सर्विस वॉश ऑन व्हील्स’ एवं ‘क्लीन ऑन कॉल’ सेवा का शुभारंभ किया गया। इस सेवा की जिम्मेदारी राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के अंतर्गत गठित अमृता स्व-सहायता समूह को सौंपी गई है,जो इस योजना के तहत सेवा प्रदाता के रूप में कार्य करेगा।
इस समूह द्वारा 10 सर्विस प्रोवाइडरों की नियुक्ति की गई है,जो छिंदवाड़ा शहर के शासकीय कार्यालयों सहित निजी आवासों में सफाई और स्वच्छता सेवाएं उपलब्ध कराएंगे। यह सेवा अब शहरी नागरिकों को उनके घर या संस्थान तक जाकर उपलब्ध होगी।
इस अर्बन सेवा का शुभारंभ करते हुए कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह ने सभी को शुभकामनाएं दीं और नगरवासियों तथा शासकीय कर्मचारियों से इस सेवा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह सेवा न केवल शहर को स्वच्छ बनाएगी,बल्कि इसमें लगे युवाओं की आजीविका को भी सशक्त करेगी। कलेक्टर श्री सिंह ने जनप्रतिनिधियों से भी आग्रह किया कि वे भी इस समूह की सेवाएं लेकर इसे आगे बढ़ाने में सहयोग करें, बजाय निजी तौर पर निशुल्क सेवा लेने के।
इस अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा द्वारा प्याऊ (शीतल जल व्यवस्था) का भी उद्घाटन किया गया। बढ़ती गर्मी को ध्यान में रखते हुए यह सुविधा सभी आम नागरिकों के लिए लाभकारी सिद्ध होगी। उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने प्याऊ का जल ग्रहण कर इस सेवा का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में महापौर विक्रम अहके,नगर निगम आयुक्त चंद्रप्रकाश राय,मनोज सक्सेना,मनोज अभिनव कुशवाहा,जागेंद्र अल्डक, उमेश पयासी,डॉ.सेवंती पटेल, पवन सोनी,राजेश लिल्हारे, श्रीमती नीलम लिल्हारे, श्रीमती उमा सोनी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी,कर्मचारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।