जनमत भास्कर छिंदवाड़ा:-नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा ने शहर के दो महत्वपूर्ण रेलवे क्रॉसिंग – पीसी नंबर 17 और पीसी नंबर 21 – पर रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) निर्माण कार्य को शीघ्रता से शुरू करने की मांग की है।इस संबंध में महापौर विक्रम सिंह अहके ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे,नागपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक डीआरएम विनायक गर्ग से मिलकर विभिन्न मांगों का पत्र सौंप कर चर्चा की।
नगर निगम महापौर विक्रम अहके ने डीआरएम को बताया कि नगर पालिक निगम की ओर से इन दोनों रेलवे क्रॉसिंग पर आरओबी निर्माण की स्वीकृति दी जा चुकी है और पीसी नंबर 17 के लिए आवश्यक 50 प्रतिशत राशि का अंशदान भी निगम द्वारा जमा करा दिया गया है। इसके बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है।
महापौर ने डीआरएम को यह भी स्पष्ट किया है कि निगम द्वारा 9 जुलाई 2025 को पत्र क्रमांक 307 के माध्यम से रेलवे को जनरल अरेंजमेंट ड्राइंग (जीएडी) जमा कर दी गई थी। इसके बाद भी कार्यवाही लंबित है। महापौर ने कहा कि यह परियोजनाएं छिंदवाड़ा की जनता के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं क्योंकि इनसे शहर में सुगम यातायात व्यवस्था स्थापित होगी और लंबे समय से लगने वाले जाम से निजात मिलेगी।
महापौर ने रेलवे से अनुरोध किया है कि इन प्राथमिकता वाले कार्यों को शीघ्र स्वीकृति प्रदान की जाए ताकि निर्माण कार्य बिना विलंब के आरंभ हो सके,उन्होंने भरोसा जताया कि रेलवे के सहयोग से इस जनहित के काम को समय पर पूरा किया जा सकेगा।




