जनमत भास्कर,छिन्दवाड़ा:-नगर के 8 परीक्षा केंद्रों पर राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट यूजी 2026) का आयोजन आज रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित माहौल में आयोजित की गई,जिसमें प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं।
जिले के कुल 8 परीक्षा केंद्रों पर 4143 परीक्षार्थी पंजीकृत थे,जिनमें से 3982 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर सुरक्षा,गोपनीयता एवं पारदर्शिता के मानकों का विशेष ध्यान रखा गया।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी के सिटी कोऑर्डिनेटर हरिप्रसाद धारकर ने जिले के कलेक्टर हरेंद्र नारायन एवं पुलिस अधीक्षक अजय पांडेय का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि उनके मार्गदर्शन एवं निर्देशन में जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के समन्वित प्रयासों से परीक्षा का संचालन अत्यंत सुगम एवं व्यवस्थित रूप से किया जा सका,उन्होंने यह भी बताया कि परीक्षा के सफल संचालन में शिक्षा विभाग,स्वास्थ्य विभाग एवं विद्युत वितरण कंपनी का भी सराहनीय सहयोग प्राप्त हुआ।




