जनमत भास्कर,छिन्दवाड़ा:- जिला मुख्यालय से करीब 32 किलोमीटर दूर ग्राम चौसरा में थर्मल पावर प्लांट की जगह अब अडानी ग्रुप द्वारा न्यूक्लियर पावर प्लांट बनाने की रूपरेखा बनाई जा रही है, जिसकी चर्चा पिछले कुछ दिनों से छिंदवाड़ा के राजनैतिक गलियारों में जोर-शोर से चल रही है और कांग्रेस और भाजपा लगातार इस उपलब्धि की श्रेय लेने की होड़ में भी लगे हुए हैं….. न्यूक्लियर पावर प्लांट को लेकर जहां एक ओर पूर्व सीएम कमलनाथ,गौतम अडानी से उनकी चर्चा के बाद जिले में इसके शुरू होने का दावा करते नजर आ रहे हैं तो वहीं जिले के सांसद विवेक बंटी साहू ने भी इस मामले में अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि अगर जिले में न्यूक्लियर पावर प्लांट अडानी ग्रुप द्वारा लगाया जाता है तो ये संभव हो पाया है भाजपा सरकार के कारण क्योंकि बीते समय हुए इन्वेस्टर्स समिट में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने खुद गौतम अडानी से इस विषय मे चर्चा की थी और मैंने खुद कई बार गौतम अडानी जी को पत्र लिखकर इस बाबत निवेदन किया था।
वहीं गुरुवार को छिंदवाड़ा दौरे पर आए जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह से जब न्यूक्लियर पावर प्लांट स्थापित होने पर पूर्व सीएम कमलनाथ के दावों पर सवाल किया गया तो राकेश सिंह ने कहा कि अभी तक हमारी सरकार या किसी मंत्री के पास पूर्व सीएम कमलनाथ की किससे और क्या चर्चा हुई है,इसकी कोई जानकारी नहीं है,जब तक खुद कमलनाथ इस बारे में जानकारी नहीं देंगे तब तक कुछ भी कहा नहीं जा सकता लेकिन लेकिन यह बात हमें जरूर याद रखना होगा प्रदेश में भाजपा की सरकार है और मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव हैं।




