जनमत भास्कर,छिंदवाड़ा :-आबकारी विभाग के चौरई अमले ने एक बड़े शराब तस्कर को उसके सहयोगी के साथ पकड़ने में सफलता हासिल की है। 27-28 मई की दरमियानी रात चौरई थानांतर्गत कपुरदा रोड पर हुई कार्यवाही में एक लाख की विदेशी शराब और दस लाख की गाड़ी बरामद की गई है।
कलेक्टर हरेंद्र नारायण के निर्देश और सहायक आबकारी आयुक्त बीआर वैद्य के मार्गदर्शन में आबकारी अमले ने इन दिनों गश्त बढ़ा दी है।रात्रिकालीन गश्त के दौरान चौरई वृत्त प्रभारी राजेश सिंघल को कपुरदा रोड पर एक चौपहिया वाहन संदिग्ध अवस्था में नज़र आया।सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री सिंघल ने अपने अमले के सहयोग से इस संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली तो उसमें चार पेटी रॉयल स्टेग,दो पेटी ऑफिसर्स चॉइस और दो पेटी मैंजिक मूमेंट वोदका बरामद हुई।शराब ढो रहे इस वाहन में चौरई निवासी प्रिंस जैन और कामती निवासी अंकित बेलवंशी बैठे मिले। इस दोनों आरोपियों को आवश्यक वैधानिक कार्यवाही के उपरांत गिरफ्तार कर शराब और वाहन को जप्त कर प्रकरण दर्ज किया गया। आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की ग़ैर जमानती धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।इस कार्यवाही के दौरान आरक्षक सचिन श्रीवास्तव और भारती मरकाम उपस्थित थे।
चौरई वृत्त प्रभारी राजेश सिंघल ने बताया कि मुख्य अभियुक्त प्रिंस ने चौरई क्षेत्र के उसके इस शराब व्यवसाय में सहयोगी रहे प्रांजल जैन सहित कुछ और व्यक्तियों के नाम बताया है।विवेचना उपरांत आवश्यक प्रभावी कार्यवाही की जाएगी।




