जनमत भास्कर :-छिंदवाड़ा में देहात पुलिस ने हनीट्रैप गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो महिलाओं सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर फरियादी को झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी देकर 5 लाख रुपये की मांग करने का आरोप है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त कार भी जब्त की है।
मामला थाना देहात क्षेत्र का है।पुलिस के मुताबिक 9 अगस्त को एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोगों ने योजना बनाकर उसे चमन मोहल्ला, गुरैया रोड स्थित एक मकान के कमरे में बुलाया।यहां उसके साथ मारपीट कर उसके कपड़े उतारकर अश्लील वीडियो बनाया गया,इसके बाद आरोपियों ने वीडियो वायरल करने और झूठे बलात्कार के मामले में फंसाने की धमकी देकर फरियादी से 5 लाख रुपये की मांग की।
शिकायत पर देहात थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 451/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नुरूल हसन,खुशबू खान, तनवीर उल्ला,सोनिका साहू और संदेश सोनी को गिरफ्तार किया है।पुलिस के अनुसार आरोपियों ने मिलकर फरियादी के साथ मारपीट की और उसका अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 मोबाइल फोन और एक कार जब्त की है, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।




